
Noida Metro: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वालों के लिए खुशखबरी! 15.1 KM लंबी मेट्रो लाइन पर बनेंगे 10 नए स्टेशन
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। एक्वा लाइन के विस्तार को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस प्रोजेक्ट से दिल्ली तक आना-जाना आसान हो सकता है। जानिए नई मेट्रो लाइन कहां बनेगी, कितने स्टेशन होंगे और यात्रियों को क्या फायदा मिलेगा।

In Short
- नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन के लिए L&T को मिला 15.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक का कॉन्ट्रैक्ट।
- नई मेट्रो लाइन पर बनेंगे 10 एलिवेटेड स्टेशन, प्रोजेक्ट को 36 महीने में पूरा करने का लक्ष्य।
- बॉटनिकल गार्डन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से मिलेगा कनेक्शन, बोराकी तक भी बढ़ेगी मेट्रो।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए मेट्रो से सफर करना जल्द और आसान होने वाला है। नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का विस्तार किया जा रहा है, जिससे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आने-जाने वालों को फायदा मिलेगा। इस प्रोजेक्ट से कई नए इलाके मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे। आइए जानते हैं कि नई मेट्रो लाइन कहां तक जाएगी, कौन-कौन से स्टेशन बनेंगे और यात्रियों को क्या फायदा होगा।
L&T को मिला 15.1 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का कॉन्ट्रैक्ट
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन प्रोजेक्ट का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। कंपनी 15.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट यानी ऊंचे पिलर्स पर बनने वाले मेट्रो ट्रैक को डिजाइन और तैयार करेगी। इसके अलावा 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन भी बनाएगी। इन स्टेशनों की फिनिशिंग का काम भी कंपनी करेगी।
L&T ने बताया कि उसकी हेवी सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर यूनिट को यह ऑर्डर नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NMRC) से मिला है। इस प्रोजेक्ट को 36 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 तक जुड़ेगी मेट्रो
एक्वा लाइन एक्सटेंशन के तहत बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर 142 तक 11.6 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट को इसी साल कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) से मंजूरी मिल चुकी है।

इस रूट पर आठ एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इनमें बॉटनिकल गार्डन, नोएडा सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज शामिल हैं।
दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से मिलेगा कनेक्शन
इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पर मिलेगा। यहां एक्वा लाइन का कनेक्शन दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से होगा। इससे नोएडा और दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्री आसानी से एक मेट्रो नेटवर्क से दूसरे में जा सकेंगे।
बोराकी तक भी पहुंचेगी मेट्रो
ग्रेटर नोएडा में डिपो स्टेशन से बोराकी मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्टेशन हब (MMTH) तक 2.6 किलोमीटर लंबी लाइन बनाई जाएगी। इस हिस्से में दो एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन होंगे।
बोराकी स्टेशन पर यात्रियों को इंडियन रेलवे, इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) और लोकल बस टर्मिनल का कनेक्शन मिलेगा। यानी एक ही जगह से मेट्रो, ट्रेन और बस की सुविधा मिल सकेगी।
61 किलोमीटर से बड़ा होगा मेट्रो नेटवर्क
प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का कुल मेट्रो नेटवर्क 61 किलोमीटर से ज्यादा हो जाएगा। इससे दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही रोजाना सफर करने वाले लोगों की सड़क परिवहन पर निर्भरता कम हो सकेगी।

