scorecardresearch

NASA के सैटेलाइट ने अंतरिक्ष से दिखाई भारत-पाकिस्तान की डराने वाली तस्वीर! धुएं की चादर में ढका उत्तर भारत

दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच NASA के सैटेलाइट ने अंतरिक्ष से भारत और पाकिस्तान के बड़े हिस्से की चौंकाने वाली तस्वीर कैद की है। इसमें उत्तर भारत के कई राज्यों पर धुएं और धुंध की मोटी परत दिखाई दे रही है। तस्वीर में आग के हॉटस्पॉट भी नजर आ रहे हैं। आखिर कैसे फैल रहा है यह प्रदूषण और इसके पीछे क्या वजहें हैं?

Advertisement
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी परत साफ दिखाई दे रही है। (फोटो: NASA)
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी परत साफ दिखाई दे रही है। (फोटो: NASA)

In Short

  • NASA ने भारत-पाकिस्तान के ऊपर फैले स्मॉग की तस्वीर कैद की।
  • पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में धुंध की मोटी परत।
  • सैटेलाइट तस्वीर में कई जगह लाल निशान आग के हॉटस्पॉट दिखाते हैं।

सर्दियों की शुरुआत के साथ उत्तर भारत में प्रदूषण का खतरा बढ़ने लगा है। अब अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA के सैटेलाइट ने अंतरिक्ष से भारत और पाकिस्तान के बड़े हिस्से में फैले धुएं और धुंध की तस्वीर कैद की है। इस तस्वीर में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में प्रदूषण की मोटी परत दिखाई दे रही है। इससे साफ है कि प्रदूषण की समस्या सिर्फ दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं है।

advertisement

NASA के सैटेलाइट में दिखी धुएं की मोटी चादर

Smog

                      हर सर्दियों में उत्तर-पश्चिम भारत और पड़ोसी पाकिस्तान में वायु गुणवत्ता तेजी से खराब हो जाती है। (फोटो: NASA)

NASA के MODIS सैटेलाइट इंस्ट्रूमेंट से ली गई तस्वीर को Fire Information for Resource Management System (FIRMS) के जरिए उपलब्ध कराया गया है।

तस्वीर में पाकिस्तान से लेकर उत्तर भारत और पूर्वी हिस्सों तक धुएं और धुंध की एक बड़ी परत दिखाई देती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में इसका असर साफ नजर आता है।

तस्वीर में उत्तर की ओर हिमालय की बर्फ से ढकी पहाड़ियां भी दिखाई दे रही हैं। सफेद पहाड़ों और नीचे फैली धुंध के बीच का अंतर प्रदूषण की गंभीरता को दिखाता है।

पराली जलाने से बढ़ रहा प्रदूषण

सैटेलाइट तस्वीर में कुछ जगह लाल निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जो आग के हॉटस्पॉट को दर्शाते हैं। इनमें उत्तर-पश्चिम भारत के कृषि क्षेत्र भी शामिल हैं।

ये निशान खेतों में फसल के अवशेष यानी पराली जलाने की घटनाओं से जुड़े हो सकते हैं। सर्दियों में पराली का धुआं वाहनों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का प्रदूषण और निर्माण कार्यों की धूल मिलकर हवा को और खराब कर देते हैं।

सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है प्रदूषण?

Farm fire

                                    तस्वीर में आग के कई हॉटस्पॉट लाल निशानों के रूप में दिखाई दे रहे हैं। (फोटो: NASA)

सर्दियों में कम तापमान, धीमी हवाएं और मौसम की कुछ खास परिस्थितियां प्रदूषण को हवा में फैलने से रोकती हैं।

ऐसे में धुएं और धूल के कण जमीन के आसपास ही जमा होने लगते हैं। यही वजह है कि सुबह और रात के समय कई शहरों में स्मॉग की मोटी परत दिखाई देती है।

दिल्ली-NCR में भी रात और सुबह के समय हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ रही है। हालांकि, NASA की तस्वीर बताती है कि प्रदूषण का असर राजधानी से कहीं ज्यादा बड़े इलाके में फैला हुआ है।

advertisement

भारत-पाकिस्तान तक फैली प्रदूषण की समस्या

NASA का MODIS इंस्ट्रूमेंट आग, मौसम, वनस्पति और पृथ्वी की सतह में होने वाले बदलावों पर नजर रखता है।

ताजा तस्वीर दिखाती है कि वायु प्रदूषण किसी एक शहर की समस्या नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बड़े हिस्से में फैली धुंध बताती है कि सर्दियों में प्रदूषण एक क्षेत्रीय समस्या बन जाता है।

इसमें पराली जलाने, वाहनों, उद्योगों और मौसम की परिस्थितियों की भूमिका होती है। ऐसे में साफ हवा के लिए सिर्फ दिल्ली में नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में प्रदूषण कम करने के प्रयास जरूरी हैं।