scorecardresearch

Work From Home हुआ पुराना! अब पार्क में बैठकर कर सकेंगे ऑफिस का काम, फ्री Wi-Fi के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं

Work From Home और ऑफिस से बोर हो गए हैं? अब आप हरियाली के बीच बैठकर लैपटॉप पर काम कर सकेंगे। तेलंगाना में एक अनोखी पहल शुरू होने जा रही है, जहां पार्कों में Wi-Fi से लेकर कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। जानिए यह सुविधा कब शुरू होगी और कितना खर्च आएगा।

Advertisement

In Short

  • तेलंगाना के साइबराबाद में 30 से 40 पार्कों को Work From Park के तहत वर्कस्पेस बनाने की योजना है।
  • पार्कों में फ्री Wi-Fi, लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, आरामदायक सीटें, कॉफी और CCTV जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
  • दो पायलट पार्क करीब 1 जनवरी 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है, इस्तेमाल के लिए ₹50 से ₹100 तक फीस लग सकती है।

Work From Park: घर से काम करते-करते बोर हो गए हैं या ऑफिस और कैफे से हटकर किसी नई जगह काम करना चाहते हैं? तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। अब ऐसी जगह तैयार की जा रही है, जहां आप पेड़-पौधों के बीच बैठकर लैपटॉप पर अपना काम कर सकेंगे। यहां इंटरनेट से लेकर बैठने तक की सुविधाएं मिलेंगी। आइए जानते हैं कि यह नई सुविधा कहां शुरू होगी और इसके लिए कितने पैसे देने पड़ सकते हैं।

advertisement

30 से 40 पार्कों में काम करने की सुविधा

तेलंगाना के साइबराबाद में 'Work From Park' नाम से एक नई पहल शुरू करने की तैयारी है। Cyberabad Municipal Corporation (CMC) शहर के 30 से 40 पार्कों को ऐसी जगहों में बदलने की योजना बना रहा है, जहां लोग बैठकर ऑफिस का काम कर सकेंगे। खासतौर पर उन इलाकों को चुना जाएगा, जहां IT कंपनियों की संख्या ज्यादा है। यह आइडिया दुबई में शुरू हुई ऐसी ही सुविधा से लिया गया है।

सबसे पहले इन दो जगहों पर होगी शुरुआत

CMC कमिश्नर जी श्रीजना के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के लिए जगहों की पहचान कर ली गई है। शुरुआत में दो पायलट प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं। पहला पार्क सेरिलिंगमपल्ली जोन के मस्जिद बांदा स्थित माधवा हिल्स कॉलोनी में बनाया जा रहा है। दूसरा पार्क कुकटपल्ली जोन के माधापुर में तैयार होगा। दोनों जगहों पर यह सुविधा करीब 1 जनवरी 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है।

1.5 एकड़ के पार्क में बनेगा वर्कस्पेस

माधवा हिल्स कॉलोनी का पार्क करीब 1.5 एकड़ में फैला हुआ है। इसके एक हिस्से को खासतौर पर काम करने वाले लोगों के लिए तैयार किया जाएगा। यहां लोग खुले वातावरण में बैठकर अपने लैपटॉप पर काम कर सकेंगे। माधापुर में भी इसी तरह की सुविधा विकसित की जा रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

फ्री Wi-Fi से लेकर चार्जिंग तक की सुविधा

इन पार्कों में फ्री Wi-Fi, लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, आरामदायक सीटें, वर्कस्टेशन और को-वर्किंग की सुविधा देने की योजना है। इसके अलावा वॉकिंग ट्रैक, कॉफी और स्नैक्स के कियोस्क, पार्किंग और सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे। यानी लोग काम करने के साथ चाय-कॉफी का मजा भी ले सकेंगे।

क्या पार्क में काम करने के लिए देने होंगे पैसे?

इस सुविधा के इस्तेमाल के लिए CMC मामूली फीस लगाने पर भी विचार कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रति व्यक्ति 50 से 100 रुपये तक चार्ज लिया जा सकता है। इस रकम का इस्तेमाल पार्कों की देखभाल और दूसरी सुविधाओं को चलाने में होगा। हालांकि, अभी फीस को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

किन लोगों को मिलेगा फायदा?

advertisement

इस पहल का फायदा IT प्रोफेशनल्स, फ्रीलांसर्स, स्टूडेंट्स, स्टार्टअप फाउंडर्स और घर से काम करने वाले लोगों को मिल सकता है। जिन्हें घर या ऑफिस के बजाय शांत जगह पर काम करना पसंद है, उनके लिए यह एक नया विकल्प होगा। साथ ही लोग हरियाली के बीच ज्यादा समय बिता सकेंगे।

300 नए पार्क बनाने की भी तैयारी

Work From Park साइबराबाद में हरियाली बढ़ाने की बड़ी योजना का हिस्सा है। नगर निगम 300 नए पार्क विकसित करने और पुराने पार्कों को बेहतर बनाने पर भी काम कर रहा है। फिलहाल शुरुआती दो पार्कों में लोगों का रिस्पॉन्स देखा जाएगा। अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो बाकी पार्कों में भी इस सुविधा को बढ़ाया जाएगा।