
MP में 4 करोड़ के चावल से लदे 32 ट्रकों का नहीं मिला सुराग, सरकार ने दिए जांच के आदेश
मध्य प्रदेश में सरकारी चावल की सप्लाई से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। लंबे समय बाद भी करोड़ों रुपये के चावल का हिसाब नहीं मिलने से अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब सरकार ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

In Short
- मध्य प्रदेश के कटनी से भेजे गए करीब 4 करोड़ रुपये के सरकारी चावल का नहीं मिला हिसाब
- इंदौर, हरदा और नीमच में 32 ट्रकों की डिलीवरी का सरकारी रिकॉर्ड नहीं मिला
- सरकार ने सात दिनों में मांगी जांच रिपोर्ट, दोषी अधिकारियों पर हो सकती है कार्रवाई
मध्य प्रदेश में सरकारी अनाज की सप्लाई से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरतमंदों तक पहुंचने वाले अनाज का लंबे समय से कोई हिसाब नहीं मिल रहा है। अब इस मामले में सरकार ने सख्ती दिखाई है। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है, इसका खुलासा कैसे हुआ और सरकार क्या कार्रवाई करने जा रही है।
एक साल बाद भी नहीं मिला चावल का हिसाब
साल 2025 में मध्य प्रदेश के कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए चावल से लदे 32 ट्रक रवाना किए गए थे। एक साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इन जिलों के सरकारी रिकॉर्ड में चावल पहुंचने की जानकारी नहीं मिली है। गायब बताए जा रहे चावल की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है।
कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा?
मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने जब साल 2025 के धान के ट्रांसपोर्टेशन रिकॉर्ड का संबंधित जिलों के रिकॉर्ड से मिलान किया, तब इस गड़बड़ी का पता चला। जांच में सामने आया कि 32 ट्रकों में भेजे गए चावल का कोई हिसाब नहीं है।
किस जिले में कितना भेजा गया था चावल?
टीवी9 की रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 10,975 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल भेजे जाने की बात सामने आई है। हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल, नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल और इंदौर के लिए आठ ट्रकों में 2,641 क्विंटल चावल भेजा गया था।

ट्रांसपोर्टर ने किया डिलीवरी का दावा
चावल पहुंचाने की जिम्मेदारी भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के पास थी। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रांसपोर्टर का दावा है कि सभी 32 ट्रकों की डिलीवरी पूरी हो चुकी है। हालांकि, अधिकारियों को इसकी पुष्टि करने वाला कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है।
सात दिनों में मांगी जांच रिपोर्ट
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपर मुख्य सचिव (खाद्य) केसी गुप्ता से सात दिनों के अंदर विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम को भी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
किन पहलुओं पर होगी जांच?
अधिकारी पता लगाएंगे कि चावल संबंधित जिलों तक पहुंचा था या खराब क्वालिटी के चलते लौटा दिया गया था। इसके अलावा चावल को कहीं और भेजने, चोरी होने और अवैध तरीके से बेचने की आशंका की भी जांच होगी।
दोषी अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक साल बीतने के बावजूद पहले कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। जबलपुर रीजनल ऑफिस ने भी जीपीएस रिकॉर्ड और चालान के मिलान से जुड़ी गड़बड़ी नहीं उठाई थी। अब कटनी और जबलपुर के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी। मंत्री ने चेतावनी दी है कि लापरवाही या चोरी में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है।


