ट्रेन से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर: 2 नई ट्रेनें मंजूर, 4 ट्रेनों के रूट बढ़े और 7 को मिले नए स्टॉपेज
रेलवे ने एक साथ कई रूट पर यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव मंजूर किया है। दो नई डेली ट्रेनें चलेंगी, चार मौजूदा ट्रेनों का सफर आगे तक बढ़ेगा और सात ट्रेनों को नए स्टॉपेज मिलेंगे। अब सवाल है कि इन बदलावों में आपका स्टेशन और आपका रूट शामिल है या नहीं।

In Short
- कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस और वलसाड-सूरत MEMU को डेली ऑपरेशन की मंजूरी
- वाराणसी सिटी-गोरखपुर समेत चार मौजूदा ट्रेनों के रूट बढ़ाए गए
- सात ट्रेनों को बनबसा, अकोला, नवसारी, खंडवा समेत नए स्टॉपेज मिले
इंडियन रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए कई ट्रेनों से जुड़े अहम बदलावों को मंजूरी दी है। इनमें दो नई डेली ट्रेन सर्विस शुरू करना, चार मौजूदा ट्रेनों का रूट आगे बढ़ाना और सात ट्रेनों को नए स्टॉपेज देना शामिल है।
इन बदलावों का असर उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत कई रूट पर सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। हालांकि नई व्यवस्था कब से लागू होगी, इसकी अलग-अलग नोटिफिकेशन संबंधित रेलवे जोन जारी करेंगे। आइए जानते हैं किन रूट पर नई ट्रेन मिलेगी, कौन-सी ट्रेन अब आगे तक जाएगी और किन स्टेशनों पर नया ठहराव होगा।
कासगंज से ऐशबाग के बीच चलेगी नई डेली एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड ने 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस को रोज चलाने की मंजूरी दी है। ट्रेन नंबर 15312 कासगंज से सुबह 4:20 बजे चलेगी और दोपहर 1 बजे ऐशबाग पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15311 ऐशबाग से दोपहर 2 बजे रवाना होकर रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी। ट्रेन उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर में रुकेगी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: बेंगलुरु से मुंबई जाना होगा आसान, Vande Bharat Sleeper के रूट और लॉन्च को लेकर आया बड़ा अपडेट
वलसाड-सूरत के बीच नई MEMU ट्रेन को मंजूरी
गुजरात में ट्रेन नंबर 69149 वलसाड-सूरत MEMU को भी डेली चलाने की मंजूरी मिली है। यह ट्रेन वलसाड से दोपहर 1:20 बजे चलेगी और शाम 4:40 बजे सूरत पहुंचेगी। रास्ते में डूंगरी, जोरावासन, बिलिमोरा, अमलसाड, अंचेली, वेडछा, गांधी स्मृति, नवसारी, मरोली, सचिन, भेस्तान और उधना स्टेशन पर इसका स्टॉपेज होगा।
वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस अब नेपालगंज रोड तक जाएगी
ट्रेन नंबर 15132/15131 वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस का रूट अब नेपालगंज रोड तक बढ़ाया जाएगा। ट्रेन नंबर 15132 वाराणसी सिटी से रात 10:35 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 11:20 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15131 नेपालगंज रोड से शाम 4:15 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी। बढ़े हुए रूट पर नकहा जंगल, पेप्पेगंज, कैंपियरगंज, आनंद नगर, सिद्धार्थ नगर, शोहरतगढ़, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा, पयागपुर, बहराइच और रिसिया में स्टॉपेज होगा।
रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस का सफर मदन महल तक बढ़ा
ट्रेन नंबर 22189/22190 रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस अब मदन महल तक जाएगी। ट्रेन नंबर 22190 रीवा से सुबह 5:45 बजे चलेगी और सुबह 10:07 बजे मदन महल पहुंचेगी। यह जबलपुर में सुबह 9:46 बजे से 9:51 बजे तक रुकेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 22189 मदन महल से शाम 5 बजे चलेगी, 5:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी और रात 9:22 बजे रीवा पहुंचेगी।
जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस भी मदन महल तक चलेगी
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन नंबर 11265/11266 जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस को भी मदन महल तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। ट्रेन नंबर 11266 अंबिकापुर से सुबह 6:15 बजे चलेगी और दोपहर 3:20 बजे मदन महल पहुंचेगी। यह जबलपुर में दोपहर 2:55 बजे से 3 बजे तक रुकेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 11265 मदन महल से दोपहर 12:25 बजे चलेगी और रात 11 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी।
इन 7 ट्रेनों को मिले नए स्टॉपेज
रेलवे बोर्ड ने सात ट्रेनों के लिए नए स्टॉपेज भी मंजूर किए हैं। 15093/15094 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस अब बनबसा, 12221/12222 पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस अकोला, 55331/55332 कासगंज-अछनेरा पैसेंजर गढ़ी बेरी और 12933/12934 बांद्रा टर्मिनस-वटवा कर्णावती एक्सप्रेस नवसारी में रुकेगी। इसी तरह 14319/14320 इंदौर-बरेली एक्सप्रेस को डिबाई, 20161/20162 पुणे-जबलपुर एक्सप्रेस को खंडवा और 63387/63388 जमालपुर-गया MEMU को पवई ब्रोहमस्थान में नया स्टॉपेज मिलेगा।
कब से लागू होंगे ये बदलाव?
रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब संबंधित रेलवे जोन नई ट्रेन सर्विस, बढ़े हुए रूट और नए स्टॉपेज की शुरू होने की तारीख अलग-अलग नोटिफिकेशन में बताएंगे। इसलिए इन रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को नई व्यवस्था लागू होने की सही तारीख के लिए रेलवे की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।

