बेंगलुरु मेट्रो की Pink Line 15 अगस्त से हो सकती है शुरू, Blue और Green Line पर भी आया बड़ा अपडेट!
बेंगलुरु मेट्रो के यात्रियों के लिए आने वाले महीनों में बड़ा बदलाव दिख सकता है। पिंक लाइन के एक हिस्से को 15 अगस्त से शुरू करने का टारगेट है, जबकि ब्लू लाइन के एयरपोर्ट कनेक्शन और ग्रीन लाइन की ट्रेनों पर भी काम तेज है। लेकिन शुरुआत से पहले एक जरूरी मंजूरी बाकी है।

बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो का नेटवर्क तेजी से बढ़ाने की तैयारी चल रही है। बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी बीएमआरसीएल का फोकस पिंक लाइन के नए हिस्से को शुरू करने, ब्लू लाइन को एयरपोर्ट तक पहुंचाने और ग्रीन लाइन पर ज्यादा ट्रेनें चलाने पर है। आने वाले महीनों में इन तीनों कॉरिडोर पर अलग-अलग बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

बीएमआरसीएल पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे के बीच 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन को 15 अगस्त को शुरू करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इस हिस्से में कुल छह स्टेशन होंगे। हालांकि, 15 अगस्त की तारीख अभी फाइनल नहीं है। मेट्रो सेवा शुरू होने से पहले जरूरी सेफ्टी इंस्पेक्शन और स्टैच्यूटरी अप्रूवल पूरे होना जरूरी है।

फिलहाल बीएमआरसीएल की पहली प्राथमिकता कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे के एलिवेटेड सेक्शन को शुरू करना है। इसके बाद डेयरी सर्किल से नागवारा तक 13.76 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन पर फोकस रहेगा। इस हिस्से में 12 अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे और इसे मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य है। इसके साथ पूरी पिंक लाइन की लंबाई 21.25 किलोमीटर हो जाएगी।

बीएमआरसीएल 58 किलोमीटर लंबे ब्लू लाइन प्रोजेक्ट पर भी काम तेज कर रहा है। यह कॉरिडोर सिल्क बोर्ड को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगा। आउटर रिंग रोड सेक्शन में केआर पुरा से एचएसआर लेआउट के बीच ट्रायल रन अक्टूबर 2026 तक शुरू होने की उम्मीद है। वहीं एयरपोर्ट वाले सेक्शन को दिसंबर 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

पहले से ऑपरेशनल ग्रीन लाइन पर भी अतिरिक्त ट्रेनसेट जोड़ने की तैयारी है। इन ट्रेनों को जरूरी इंस्पेक्शन और इंटीग्रेशन चेक पूरे होने के बाद सर्विस में शामिल किया जाएगा। सीएमआरएस अधिकारी प्री-इंस्पेक्शन के लिए बेंगलुरु पहुंच चुके हैं और सिग्नलिंग इंटीग्रेशन समेत दूसरे टेक्निकल पैरामीटर्स की जांच की जा रही है। इन प्रक्रियाओं के बाद ही नई ट्रेनों को फॉर्मल क्लियरेंस मिलेगा।


