
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, वहीं कई इलाकों में अभी भी जारी रहेगा लू का कहर
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में हीटवेव का असर जारी रहेगा। जानिए किन राज्यों के लिए बारिश, लू और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

IMD weather update: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से मध्य और पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है। अगले 3-4 दिनों में इसके छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। इससे कई इलाकों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और उप-हिमालयी क्षेत्रों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 से 29 जून के बीच मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं असम और मेघालय में 28 जून को भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इन हिस्सों में अभी भी लू चलने के संकेत
मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 जून तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। वहीं बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भी अगले दो दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

दिल्ली-एनसीआर वालों के लिए राहत के संकेत
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 से 27 जून के बीच राजधानी और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
IMD ने राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार और मराठवाड़ा के लिए भी चेतावनी जारी की है। यहां 25 और 26 जून के दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और आंधी आने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

