महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! 1 जून से बस में सफर बिल्कुल मुफ्त, पश्चिम बंगाल सरकार ने जारी किया आधिकारिक आदेश
1 जून 2026 से सभी महिलाओं को पश्चिम बंगाल सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा शॉर्ट रूट और लॉन्ग रूट दोनों तरह की सरकारी बसों में लागू होगी।

Free Bus travel in West Bengal for Women: पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है। राज्य के परिवहन विभाग ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर घोषणा की है कि 1 जून 2026 से सभी महिलाओं को राज्य सरकार की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा शॉर्ट रूट और लॉन्ग रूट दोनों तरह की सरकारी बसों में लागू होगी।
यह फैसला वित्त विभाग और राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद लिया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आवाजाही को आसान बनाना और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
जारी होगा डिजिटल स्मार्ट कार्ड
सरकार इस योजना के तहत महिलाओं को QR कोड वाला डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी करेगी, जिसमें उनकी फोटो और नाम दर्ज होगा। इस कार्ड के लिए महिलाएं अपने इलाके के BDO (ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर) या SDO (सब-डिविजनल ऑफिसर) कार्यालय में आवेदन कर सकेंगी। आवेदन के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी (EPIC), जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट जैसे सरकारी पहचान पत्र मान्य होंगे।
जब तक कार्ड नहीं मिलता तब तक महिलाएं ऐसे कर सकेंगी फ्री में सफर
योजना शुरू होते ही महिलाओं को तुरंत फायदा मिल सके, इसके लिए सरकार ने अंतरिम व्यवस्था भी की है। स्मार्ट कार्ड मिलने तक महिलाएं बस में सफर के दौरान कोई भी वैध सरकारी फोटो आईडी दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके बाद बस कंडक्टर उन्हें 'Zero Value Ticket' या 'Thermal Paper Ticket' जारी करेगा।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सस्ता और आसान सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है, ताकि नौकरी, पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं को आर्थिक राहत मिल सके।

