75 लाख के सामान के साथ पकड़ा गया गिरोह, ऑनलाइन ऑर्डर में ऐसे करता था बड़ा खेल
नोएडा में ऑनलाइन शॉपिंग ऑर्डर में हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। आरोपी डिलीवरी के दौरान महंगे सामान बदलकर उसे बेच देते थे। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर करीब 75 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

In Short
- फ्लिपकार्ट, अमेजन और दूसरी ऑनलाइन कंपनियों के ऑर्डर में करते थे सामान की अदला-बदली।
- नोएडा पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा, दो लोग अभी भी फरार हैं।
- आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, जूते और दूसरी चीजें बरामद हुईं।
Online Delivery Scam: नोएडा में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के ऑर्डर में गड़बड़ी कर महंगे सामान चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने इस गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 75 लाख रुपये का चोरी किया हुआ सामान बरामद किया है। वहीं, इस मामले में दो लोग अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
डिलीवरी के समय बदल देते थे सामान
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पिछले तीन से चार महीने से फ्लिपकार्ट, अमेजन और दूसरी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के महंगे सामान वाले ऑर्डर में हेराफेरी कर रहा था।
आरोपी डिलीवरी के दौरान पैकेट से असली सामान निकाल लेते थे और उसकी जगह सस्ता या दूसरा सामान रख देते थे। इसके बाद चोरी किए गए सामान को बाजार में बेच दिया जाता था। इससे ग्राहक, सामान बेचने वाले और ऑनलाइन कंपनियों को नुकसान हो रहा था।
पांच लोग गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान वारिस खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और सूरज सिंह के रूप में हुई है।
वहीं, भूपेंद्र और असलम उर्फ राजू खान अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है।
लाखों रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी किया गया सामान बरामद किया है। इसमें प्रोटीन सप्लीमेंट, जूते, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बच्चों के वायरलेस डिवाइस, कान और बीपी जांचने वाली मशीनें, स्मार्ट डिवाइस, ऑनलाइन कंपनियों के टैग और पैकिंग का सामान शामिल है।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कीमत करीब 75 लाख रुपये है।
गिरोह में हर व्यक्ति का काम था तय
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य व्यक्ति वारिस खान था। वह अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन ऑर्डर से सामान चोरी करने और उसे बेचने का काम करता था।
गिरोह में हर सदस्य की अलग-अलग जिम्मेदारी थी। कुछ लोग डिलीवरी के दौरान सामान बदलते थे, जबकि कुछ लोग चोरी किए गए सामान को बेचने का काम संभालते थे।
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
इस मामले में थाना सेक्टर-20 में केस दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार कोशिश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

