Exclusive: महाराष्ट्र में अडाणी का बड़ा दांव! नागपुर बनेगा इंडस्ट्रियल हब; एविएशन से लेकर केमिकल्स पर फोकस
बिजनेस टुडे के पत्रकार चेतन भूटानी से एक्सक्लूसिव बातचीत में जीत अडाणी (Jeet Adani) ने कहा कि अडाणी ग्रुप, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) कारोबार का विस्तार करेगा। अडाणी ग्रुप और प्राइम एयरो की हिस्सेदारी वाली इंडामर टेक्निक्स नागपुर के MIHAN-SEZ में MRO सुविधा संचालित करती है।

महाराष्ट्र में अडाणी ग्रुप (Adani Group) अपनी मौजूदगी को तेजी से बढ़ाने जा रहा है। डिफेंस, एयरोस्पेस, क्लीन एनर्जी और इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टरों में बड़े निवेश की तैयारी है। इन प्रोजेक्ट से रोजगार बढ़ने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होने और नागपुर को एक बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने पर जोर है।
बिजनेस टुडे के पत्रकार चेतन भूटानी से एक्सक्लूसिव बातचीत में जीत अडाणी (Jeet Adani) ने कहा कि अडाणी ग्रुप, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) कारोबार का विस्तार करेगा। अडाणी ग्रुप और प्राइम एयरो की हिस्सेदारी वाली इंडामर टेक्निक्स नागपुर के MIHAN-SEZ में MRO सुविधा संचालित करती है। बढ़ते भारतीय एविएशन बाजार के साथ एयरक्राफ्ट सर्विसिंग की मांग को देखते हुए इस विस्तार की योजना बनाई गई है।
विमान निर्माण पर वैश्विक साझेदार से चर्चा
विमान निर्माण को लेकर जीत अडाणी ने साफ किया कि अंतिम फैसला ग्लोबल साझेदार से बातचीत के बाद होगा। अडाणी ग्रुप ने ब्राजील की एयरोस्पेस कंपनी Embraer के साथ रणनीतिक करार किया है। यह साझेदारी भारत में सिविल और डिफेंस एविएशन मैन्युफैक्चरिंग में समूह की संभावित एंट्री का संकेत देती है।
70,000 करोड़ का कोयला गैसीफिकेशन प्रोजेक्ट
महाराष्ट्र रणनीति का अहम हिस्सा लिंगा, कलमेश्वर (नागपुर के पास) में प्रस्तावित 70,000 करोड़ रुपये का इंटीग्रेटेड कोल गैसीफिकेशन और डाउनस्ट्रीम डेरिवेटिव्स कॉम्प्लेक्स है। इस परियोजना से करीब 30,000 डायरेक्ट नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। फोकस एडवांस्ड केमिकल मैन्युफैक्चरिंग और अहम औद्योगिक इनपुट्स के आयात पर निर्भरता घटाने पर रहेगा।
जीत अडाणी ने इसे “राष्ट्रीय आत्मनिर्भरता का प्लेटफॉर्म” बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट नागपुर को क्लीन-एनर्जी से जुड़ी औद्योगिक तकनीकों के वैश्विक नक्शे पर लाएगी। यह निवेश पहले चरण का हिस्सा है, जबकि भविष्य में इसी स्तर का दूसरा चरण जोड़ने की योजना है।
महाराष्ट्र की ऊर्जा रीढ़ में अडानी
महाराष्ट्र पहले से ही अडाणी ग्रुप के पावर पोर्टफोलियो में अहम स्थान रखता है। अडाणी ग्रुप, राज्य का सबसे बड़ा 3,300 मेगावॉट का सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट तिरोड़ा में चलाता है और 2025 में 600 मेगावॉट का बुटीबोरी प्लांट भी दोबारा शुरू किया गया।
25 साल के पावर सप्लाई एग्रीमेंट के तहत अडाणी ग्रुप महाराष्ट्र को कुल 6,600 मेगावॉट बिजली सप्लाई करता है, जिसमें खावड़ा की सोलर पावर और थर्मल जनरेशन शामिल है, ताकि 24x7 आपूर्ति और ग्रिड स्थिरता बनी रहे।
