scorecardresearch

परिसीमन बिल पर बदल सकता है DMK का रुख! क्या विपक्षी एकता को लगेगा बड़ा झटका?

परिसीमन बिल को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव के बाद डीएमके के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं। जानें एमके स्टालिन ने सरकार के सामने कौन सी मांगें रखी थीं और इस बिल का विपक्षी एकता पर क्या असर पड़ सकता है।

Advertisement

In Short

  • संशोधित परिसीमन बिल का समर्थन कर सकती है डीएमके।
  • नए प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में होगी 50% बढ़ोतरी।
  • संविधान संशोधन बिल पास कराने में अहम हो सकते हैं डीएमके के 22 सांसद।

परिसीमन बिल (Delimitation Bill) को लेकर देश में सियासी हलचल तेज हो गई है। खासकर दक्षिण भारत के राज्यों को चिंता है कि जनसंख्या के आधार पर लोकसभा सीटों का बंटवारा होने से संसद में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है। इस बीच केंद्र सरकार के संशोधित बिल ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। अब सबकी नजरें डीएमके (DMK) के अगले कदम और संसद में होने वाली वोटिंग पर हैं।

advertisement

परिसीमन बिल का समर्थन कर सकती है DMK

इंडिया टुडे को डीएमके के वरिष्ठ सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार ने पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन की मांगों को ध्यान में रखते हुए बिल में बदलाव किए हैं। नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों की संख्या में 50% की बढ़ोतरी होगी, लेकिन सभी राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी बरकरार रहेगी। सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि डीएमके इस बिल का समर्थन कर सकती है। हालांकि, पार्टी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

क्यों अहम हैं DMK के 22 सांसद?

केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 2029 से महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करने की योजना बना रही है। इसके लिए प्रस्तावित संविधान संशोधन बिल को पास कराने में एनडीए सरकार को दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। ऐसे में डीएमके के 22 लोकसभा सांसदों का समर्थन काफी अहम साबित हो सकता है।

स्टालिन ने रखी थीं ये दो मांगें

एमके स्टालिन की मांग है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रखा जाए। स्टालिन ने कहा कि पार्टी इन दोनों मांगों पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। 

प्रतीकात्मक तस्वीर

बीजेपी ने दक्षिण के दलों को क्या समझाया?

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने डीएमके समेत दक्षिण भारत के अन्य दलों से कहा कि केंद्र 84वें संविधान संशोधन के तहत जनसंख्या आधारित परिसीमन भी करा सकता है, जिसके लिए कानून पास कराने में साधारण बहुमत की जरूरत होगी। दक्षिणी राज्यों का तर्क है कि जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने की सजा उन्हें कम राजनीतिक प्रतिनिधित्व के रूप में नहीं मिलनी चाहिए। डीएमके ने अप्रैल में 131वें संविधान संशोधन बिल के खिलाफ वोट किया था, जिसे विपक्ष ने पास नहीं होने दिया था।

विजय की पार्टी ने उठाए सवाल

अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने डीएमके से अपना रुख सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि वोटिंग से दूर रहना, वॉकआउट करना या संशोधन का हवाला देकर बिल के खिलाफ वोट नहीं करना बीजेपी के सामने झुकने जैसा होगा।

advertisement

लोकसभा में हो सकती हैं अधिकतम 850 सीटें

केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र में बिल को दोबारा पेश करने की तैयारी कर रही है। नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सीटों की संख्या 850 हो सकती है। सभी राज्यों की सीटों में 50% की बढ़ोतरी होगी और इस प्रक्रिया को जनगणना से अलग रखा जाएगा। बिल पेश होने के बाद ही डीएमके का आधिकारिक रुख साफ होगा।