Instagram चलाने के लिए अब फोन की जरूरत नहीं! TV पर भी देख सकेंगे Reels
Instagram पर Reels देखने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब आप फोन के बजाय अपने घर के TV पर भी पसंदीदा वीडियो देख सकेंगे। Meta भारत में Instagram for TV की सुविधा शुरू करने जा रही है। लेकिन क्या यह हर Smart TV पर काम करेगा? एक साथ कितने अकाउंट चला सकेंगे और फोन से TV पर Reels कैसे दिखेंगी? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- भारत में अगले कुछ दिनों में शुरू होगी Instagram for TV की सुविधा।
- एक TV पर पांच Instagram अकाउंट जोड़ सकेंगे यूजर्स।
- Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV के सपोर्टेड डिवाइस पर मिलेगी सुविधा।
Instagram पर Reels देखने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब फोन की छोटी स्क्रीन पर ही Reels देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपने घर के TV पर भी पसंदीदा Reels देख सकेंगे। Meta ने भारत में Instagram for TV लाने का ऐलान किया है। इस फीचर की मदद से लोग परिवार और दोस्तों के साथ बड़ी स्क्रीन पर Reels और Stories का मजा ले सकेंगे।
कंपनी ने 27 नवंबर को मुंबई में आयोजित अपने सालाना क्रिएटर इवेंट 'House of Instagram' में इसकी घोषणा की। Meta के मुताबिक, यह सुविधा अगले कुछ दिनों में भारत में उपलब्ध हो जाएगी।
किन TV पर चलेगा Instagram?
Instagram for TV का इस्तेमाल Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV के सपोर्टेड डिवाइस पर किया जा सकेगा। इसके लिए यूजर्स को अपने TV पर Instagram ऐप इंस्टॉल करके अकाउंट से लॉगिन करना होगा।
खास बात यह है कि एक TV पर पांच Instagram अकाउंट जोड़े जा सकेंगे। यानी परिवार के अलग-अलग सदस्य अपनी पसंद के वीडियो देख पाएंगे। चाहें तो TV के लिए अलग Instagram अकाउंट भी बना सकते हैं।
बिना स्क्रॉल किए देख सकेंगे Reels
फोन पर Instagram चलाते समय बार-बार स्क्रीन स्क्रॉल करनी पड़ती है, लेकिन TV पर ऐसा नहीं होगा। यहां Reels अपने आप एक के बाद एक चलती रहेंगी। यूजर्स TV के रिमोट से वीडियो और दूसरे फीचर्स इस्तेमाल कर सकेंगे।
Instagram पर अलग-अलग चैनल भी मिलेंगे, जिनमें यूजर्स की पसंद, लोकप्रिय वीडियो और फॉलो किए गए अकाउंट के हिसाब से Reels दिखाई जाएंगी। इसके अलावा Stories, फोटो और क्रिएटर्स की प्रोफाइल भी देख सकेंगे।
TV पर पूरी स्क्रीन में दिखने वाली Horizontal Reels का भी सपोर्ट मिलेगा।
फोन से सीधे TV पर कैसे चलाएं Reels?
यूजर्स अपने फोन से भी Reels को TV पर भेज सकेंगे। इसके लिए फोन और TV एक ही Wi-Fi नेटवर्क से जुड़े होने चाहिए। इसके बाद Instagram पर Cast ऑप्शन चुनकर TV से कनेक्ट करना होगा। हालांकि, यह सुविधा डिवाइस और रोलआउट के हिसाब से अलग-अलग समय पर मिल सकती है।
बच्चों के लिए क्या होंगे नियम?
Instagram for TV पर बच्चों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। Meta के मुताबिक, यहां आम तौर पर 13+ कंटेंट रेटिंग लागू होगी।
18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए Teen Account की पाबंदियां भी लागू रहेंगी। TV पर Instagram देखने में बिताया गया समय उनकी कुल स्क्रीन टाइम लिमिट में जुड़ेगा। तय समय पूरा होने पर रिमाइंडर और स्लीप मोड नोटिफिकेशन भी मिलेंगे।


