scorecardresearch

दिल्ली में घर के अंदर भी साफ नहीं है हवा! प्रदूषण को लेकर स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा

अगर आप भी दिल्ली के प्रदूषण से बचने के लिए घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। एक नई स्टडी में घर के अंदर की हवा को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जानिए किन वजहों से घर के अंदर बढ़ रहा है प्रदूषण और इससे कैसे मिलेगी राहत।

Advertisement

In Short

  • दक्षिण दिल्ली के 24 घरों पर हुई स्टडी में बाहर से ज्यादा प्रदूषित मिली घर के अंदर की हवा।
  • घरों के अंदर PM2.5 का स्तर बाहर के मुकाबले 45 फीसदी ज्यादा मिला।
  • खराब वेंटिलेशन वाले घरों में PM2.5 का स्तर बेहतर वेंटिलेशन वाले घरों से 54 फीसदी ज्यादा पाया गया।

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से बचने के लिए अगर आप भी अपने घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखते हैं, तो जरूरी नहीं कि आप साफ हवा में सांस ले रहे हों। दक्षिण दिल्ली के 24 घरों पर की गई एक स्टडी में सामने आया है कि जिन घरों में हवा की आवाजाही यानी वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां बेहतर वेंटिलेशन वाले घरों के मुकाबले PM2.5 का स्तर 54 फीसदी ज्यादा पाया गया है।

advertisement

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, यह स्टडी जामिया मिलिया इस्लामिया, सऊदी अरब की जाजान यूनिवर्सिटी और जम्मू-कश्मीर की बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने मिलकर की है।

घर के अंदर ज्यादा प्रदूषण

स्टडी के मुताबिक, खराब वेंटिलेशन वाले घरों में PM2.5 का औसत स्तर 119.17 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पाया गया। वहीं, बेहतर वेंटिलेशन वाले घरों में यह स्तर 77.34 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।

चौंकाने वाली बात यह है कि बेहतर वेंटिलेशन वाले घरों में भी बाहर के मुकाबले अंदर प्रदूषण का स्तर करीब 38 फीसदी ज्यादा पाया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

PM10 के आंकड़े भी चिंताजनक

खराब वेंटिलेशन वाले घरों में PM10 का औसत स्तर 138.63 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जबकि बेहतर वेंटिलेशन वाले घरों में यह 89.51 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। यानी दोनों के बीच करीब 55 फीसदी का अंतर पाया गया।

सभी 24 घरों के आंकड़ों को मिलाकर देखें तो घर के अंदर PM2.5 का औसत स्तर बाहर के मुकाबले 45 फीसदी और PM10 का स्तर 46 फीसदी ज्यादा पाया गया।

खाना बनाने से भी बढ़ सकता है प्रदूषण

शोधकर्ताओं के मुताबिक, घर के अंदर प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई कारण हैं। इनमें खाना बनाना, साफ-सफाई करना, धूम्रपान करना और अगरबत्ती जलाना शामिल है। इसके अलावा बाहर से आने वाले प्रदूषक और हवा की आवाजाही की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना भी इसकी वजह है।

हालांकि, शोधकर्ताओं ने यह अलग-अलग नहीं बताया कि खाना बनाने, ट्रैफिक या धूल की वजह से प्रदूषण में कितनी बढ़ोतरी हुई।

कैसे की गई यह स्टडी?

यह स्टडी दक्षिण दिल्ली के शाहीन बाग, जसोला विहार, बटला हाउस और ओखला विहार के 24 घरों में फरवरी से अप्रैल 2023 के बीच की गई थी।

इस दौरान घरों की रसोई और बालकनी में प्रदूषण का स्तर मापा गया। प्रत्येक घर में लगातार तीन दिनों तक रोजाना आठ घंटे निगरानी की गई। निजता से जुड़ी चिंताओं के चलते रात में निगरानी नहीं की गई।

घर के अंदर कैसे कम होगा प्रदूषण?

यह स्टडी साल 2025 में 'डिस्कवर एनवायरनमेंट' जर्नल में प्रकाशित हुई थी। शोधकर्ताओं का कहना है कि घरों में वेंटिलेशन की बेहतर व्यवस्था, एग्जॉस्ट सिस्टम का सही रखरखाव और घर के अंदर प्रदूषण पैदा करने वाली गतिविधियों को कम करके हवा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।

advertisement