scorecardresearch

सस्ते रिचार्ज प्लान दिखाने से Jio और Airtel को क्यों है परेशानी? जानें TRAI के नए आदेश पर पूरा विवाद

मोबाइल रिचार्ज कराने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों को अहम निर्देश दिया है। हालांकि, इस आदेश को लेकर जियो और एयरटेल की चिंताएं बढ़ गई हैं। आखिर सस्ते रिचार्ज प्लान दिखाने से कंपनियों को क्या परेशानी है और नए नियम से ग्राहकों को कैसे फायदा मिलेगा?

Advertisement

In Short

  • सस्ते रिचार्ज प्लान को प्रमुखता से दिखाने का TRAI का निर्देश।
  • जियो और एयरटेल को प्रति ग्राहक कमाई घटने की आशंका।
  • ग्राहकों को सस्ते कॉलिंग प्लान तलाशने में मिलेगी राहत।

मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए जब आप Jio या Airtel का ऐप खोलते हैं तो आपको डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और OTT सब्सक्रिप्शन वाले कई प्लान दिखाई देते हैं। हालांकि, सिर्फ कॉलिंग के लिए सस्ता रिचार्ज प्लान तलाशना कई बार मुश्किल हो जाता है। अब इसी परेशानी को दूर करने के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने टेलीकॉम कंपनियों को अपने ऐप और वेबसाइट में बदलाव करने का निर्देश दिया है। हालांकि, रिलायंस जियो और भारती एयरटेल की इस नियम को लेकर चिंताएं हैं।

advertisement

क्या है TRAI का नया आदेश?

TRAI ने 1 अक्टूबर 2026 को टेलीकॉम कंपनियों को अपने प्रीपेड रिचार्ज सेक्शन में 'TRAI-Mandated Packs' नाम से अलग टैब बनाने का निर्देश दिया था। इस टैब को मोबाइल ऐप और वेबसाइट के प्रीपेड रिचार्ज सेक्शन में सबसे पहले दिखाना होगा।

इसके अलावा कंपनियों को अपने प्रमुख बिक्री केंद्रों पर भी इन प्लान को प्रमुखता से दिखाने के लिए कहा गया था। TRAI ने कंपनियों को नियमों का पालन करने और रिपोर्ट जमा करने के लिए 30 दिनों का समय दिया था।

Jio और Airtel को क्यों है परेशानी?

रिपोर्ट के मुताबिक, जियो और एयरटेल को चिंता है कि सस्ते रिचार्ज प्लान सबसे पहले दिखाई देने से ज्यादा ग्राहक इन्हें खरीद सकते हैं। इससे कंपनियों की कमाई प्रभावित हो सकती है।

टेलीकॉम कंपनियों का कहना है कि उनके ऐप और वेबसाइट पर ये प्लान पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में इन्हें सबसे पहले दिखाना अनिवार्य क्यों किया जा रहा है?

जियो का दावा है कि वह नियमों का पालन कर रही है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक जियो और एयरटेल के ऐप में ये प्लान पहले टैब में नहीं दिख रहे हैं, जबकि वोडाफोन आइडिया ने इन्हें पहले टैब में जगह दी है।

कंपनियों की कमाई पर कितना पड़ेगा असर?

टेलीकॉम कंपनियों के लिए ARPU यानी एवरेज रेवेन्यू पर यूजर काफी अहम होता है। इसका मतलब है कि कंपनी को एक ग्राहक से औसतन कितनी कमाई होती है। अगर ग्राहक महंगे डेटा प्लान की जगह सस्ते कॉलिंग प्लान खरीदने लगते हैं तो कंपनियों की प्रति ग्राहक कमाई घट सकती है।

एक्सिस कैपिटल के विश्लेषकों के मुताबिक, इससे भारती एयरटेल की मोबाइल सेवाओं से होने वाली कमाई पर 1 फीसदी से भी कम असर पड़ सकता है। वहीं, वोडाफोन आइडिया के लिए यह असर करीब 2.3 फीसदी तक हो सकता है।

ग्राहकों को कैसे मिलेगा फायदा?

TRAI के निर्देश का पालन होने पर ग्राहकों को सस्ते रिचार्ज तलाशने के लिए अलग-अलग कैटेगरी में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेगुलेटर के नियमों के तहत आने वाले प्लान एक ही जगह उपलब्ध होंगे। अब देखना होगा कि जियो और एयरटेल अपने ऐप और वेबसाइट में क्या बदलाव करती हैं।

advertisement