scorecardresearch

पावर सेक्टर में निवेश का बड़ा मौका! अगले 20 साल में 200 लाख करोड़ रुपये की संभावना

भारत के पावर सेक्टर में आने वाले वर्षों में निवेश के बड़े अवसर पैदा होने वाले हैं। केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बिजली उत्पादन से लेकर वितरण व्यवस्था तक में बदलाव की योजनाओं का जिक्र किया है। जानिए सरकार की क्या तैयारी है और किन क्षेत्रों को फायदा मिल सकता है।

Advertisement

In Short

  • अगले 20 साल में पावर सेक्टर में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अवसर।
  • पिछले 12 महीनों में 60 गीगावाट बढ़ी बिजली उत्पादन क्षमता।
  • लंबे समय बाद मुनाफे में आईं बिजली वितरण कंपनियां।

भारत का पावर सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में बिजली उत्पादन की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ रिन्यूएबल एनर्जी पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार बिजली सप्लाई के सिस्टम को बेहतर बनाने और बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर काम कर रही है। इस बीच केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पावर सेक्टर में निवेश की संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर अहम जानकारी दी है।

advertisement

200 लाख करोड़ रुपये के निवेश का मौका

केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पावर मिनिस्टर्स कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगले 20 साल में भारत के पावर सेक्टर में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राइवेट कंपनियों समेत सभी पक्षों को मिलकर काम करना होगा। दो दिनों तक चलने वाली इस कॉन्फ्रेंस में राज्यों के बिजली मंत्री भी हिस्सा ले रहे हैं।

12 महीने में बढ़ी 60 गीगावाट क्षमता

सरकार की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, भारत की कुल बिजली उत्पादन क्षमता अब करीब 563 गीगावाट (GW) हो गई है। इसमें 55 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी नॉन-फॉसिल एनर्जी यानी गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों की है। पिछले 12 महीनों में देश में करीब 60 गीगावाट बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ी गई है। इसमें 87 फीसदी योगदान नॉन-फॉसिल एनर्जी का रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

केंद्र और राज्यों को मिलकर करना होगा काम

खट्टर ने कहा कि भारत ने बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, रिन्यूएबल एनर्जी को बिजली सिस्टम से जोड़ने और नेशनल ग्रिड को मजबूत बनाने में काफी प्रगति की है। अब जरूरत है कि बिजली उत्पादन, एनर्जी स्टोरेज, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन की प्लानिंग अलग-अलग करने के बजाय एक ही सिस्टम के हिस्से के तौर पर की जाए।

स्मार्ट मीटर लगाने पर सरकार का जोर

केंद्रीय मंत्री ने राज्यों में स्मार्ट मीटर लगाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से बिजली उपभोक्ताओं को कई फायदे मिलते हैं। केंद्र और राज्यों के आपसी सहयोग से बिजली वितरण कंपनियां (DISCOMs) भी लंबे समय बाद मुनाफे में आई हैं।

बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत

खट्टर के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में बिजली वितरण कंपनियों ने सामूहिक रूप से टैक्स चुकाने के बाद मुनाफा (PAT) दर्ज किया। उन्होंने कहा कि इस सुधार को बनाए रखने के लिए पॉलिसी, ऑपरेशन और रेगुलेशन में जरूरी बदलाव करने होंगे।

कॉन्फ्रेंस में किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

बैठक में बिजली की भविष्य की जरूरतों के मुताबिक संसाधनों की प्लानिंग, एनर्जी स्टोरेज बढ़ाने, राज्यों के भीतर और उनके बीच बिजली ट्रांसमिशन तथा वितरण कंपनियों की आर्थिक स्थिति पर चर्चा हुई। इसके अलावा रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत स्मार्ट मीटर लगाने, बिजली फीडर अलग करने, घरों तक बिजली पहुंचाने और न्यूक्लियर पावर प्लांट की साइटों से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हुई।

advertisement