scorecardresearch

क्या एयरलाइन बिजनेस में भी होगी अडानी ग्रुप की एंट्री? सरकार के सामने रखी ये मांग

देश के एविएशन सेक्टर में अडानी ग्रुप अपना कारोबार बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रहा है। ग्रुप ने एयरलाइन बिजनेस में निवेश को लेकर सरकार के सामने एक अहम मांग रखी है। ऐसे में सवाल है कि आखिर अडानी ग्रुप इस सेक्टर में निवेश क्यों करना चाहता है और क्या है उसकी योजना?

Advertisement

In Short

  • अडानी ग्रुप ने एयरलाइन सेक्टर में निवेश के लिए सरकार से मांगी अनुमति।
  • देश में रोजाना फ्लाइट्स की संख्या 10 गुना बढ़ाने की जरूरत।
  • घरेलू एविएशन मार्केट में एयर इंडिया और इंडिगो की करीब 90 फीसदी हिस्सेदारी।

भारत में हवाई सफर करने वालों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन अभी भी बड़ी आबादी की पहुंच से हवाई यात्रा दूर है। देश में एयरलाइन कंपनियों की सीमित संख्या और जरूरत के मुकाबले कम फ्लाइट्स एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इस बीच एविएशन सेक्टर में पहले से मजबूत पकड़ रखने वाले अडानी ग्रुप की दिलचस्पी अब एयरलाइन बिजनेस में निवेश को लेकर भी दिख रही है। ऐसे में जानना जरूरी है कि ग्रुप की क्या योजना है और देश के एविएशन सेक्टर में कारोबार बढ़ाने की कितनी गुंजाइश है।

advertisement

सरकार से मांगी निवेश की मंजूरी

अडानी ग्रुप ने एयरलाइन सेक्टर में निवेश करने के लिए सरकार से अनुमति मांगी है। शुक्रवार को इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट के दौरान ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) जुगीशिंदर रॉबी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रुप ने सरकार से कम से कम निवेश करने की अनुमति देने का अनुरोध किया है, ताकि एयरलाइन कंपनियों के विस्तार में मदद की जा सके। यह निवेश किसी फंड, दूसरी एयरलाइन कंपनी या इस बिजनेस में उतरने वाले किसी कारोबारी के जरिए हो सकता है।

देश में रोजाना 30 हजार फ्लाइट्स की जरूरत

सिंह के मुताबिक, भारत में 60 करोड़ से ज्यादा लोगों के हवाई सफर करने की संभावना है। इतनी बड़ी आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में रोजाना उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स की संख्या मौजूदा स्तर से करीब 10 गुना बढ़ाकर 30 हजार करने की जरूरत है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

दो कंपनियों के पास 90% मार्केट

भारत के घरेलू एविएशन मार्केट में टाटा ग्रुप की एयर इंडिया और राहुल भाटिया के नेतृत्व वाली इंडिगो की कुल हिस्सेदारी करीब 90 फीसदी है। पिछले साल इंडिगो के ऑपरेशन में आई दिक्कतों के चलते हजारों फ्लाइट्स कैंसिल हुई थीं। इसके बाद से देश में नई एयरलाइन कंपनियों की एंट्री और इस सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की मांग तेज हुई थी।

पहले एयरलाइन बिजनेस में उतरने से किया था इनकार

इसी साल जुलाई में अडानी ग्रुप ने कहा था कि वह एयरलाइन बिजनेस में उतरने के किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रहा है। वहीं, 3 नवंबर को अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के CEO अरुण बंसल ने भी एयरलाइन शुरू करने से इनकार किया था। उनका कहना था कि अपने ग्राहकों के साथ ही प्रतिस्पर्धा करना अच्छी कारोबारी रणनीति नहीं है।

देश के 8 एयरपोर्ट संभालता है अडानी ग्रुप

अडानी ग्रुप फिलहाल देश में आठ एयरपोर्ट का संचालन करता है। इनमें मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी के एयरपोर्ट शामिल हैं। देश के कुल हवाई यात्रियों में से एक चौथाई से ज्यादा यात्री ग्रुप के एयरपोर्ट नेटवर्क से होकर सफर करते हैं। हालांकि, ग्रुप ने अभी खुद की एयरलाइन शुरू करने का कोई ऐलान नहीं किया है।

advertisement