scorecardresearch

Dharavi Redevelopment Project: 18 महीने में बनेंगे 10 हजार घर, किन लोगों को मिलेगा नया घर?

धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में अगले 18 महीनों के भीतर 10 हजार घर तैयार करने की योजना है। इसके साथ यहां रहने वाले लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए भी खास इंतजाम किए जाएंगे। जानिए किसे घर मिलेगा और प्रोजेक्ट में आगे क्या-क्या काम होगा।

Advertisement

In Short

  • अगले 18 महीनों में धारावी के लोगों के लिए 10 हजार घर तैयार किए जाएंगे।
  • साल 2000 से पहले के योग्य लोगों को धारावी में 350 वर्ग फुट का घर मिलेगा।
  • छोटे कारोबारों को नए सिस्टम में आने के बाद पांच साल तक GST से छूट देने का प्रस्ताव है।

Dharavi Redevelopment Project: मुंबई के धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट का पहला बड़ा हिस्सा अगले 18 महीनों में पूरा होने की उम्मीद है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बताया कि इस दौरान धारावी के लोगों के लिए शुरुआती 10 हजार घर बनकर तैयार हो जाएंगे। सरकार धारावी को एक आधुनिक टाउनशिप बनाना चाहती है। साथ ही यहां चल रहे छोटे कारोबारों को भी बनाए रखने की योजना है।

advertisement

भूमि पूजन के बजाय सीधे घर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए बड़ा भूमि पूजन कार्यक्रम करने के बजाय सीधे घर बनाने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि अगले डेढ़ साल में 10 हजार घर तैयार किए जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री के हाथों इन घरों की चाबी धारावी के 10 हजार लोगों को देने की योजना है।

केवल 104 हेक्टेयर जमीन पर हो सकता है काम

फडणवीस ने कहा कि कई लोगों को लगता है कि धारावी में काफी खाली जमीन है और यहां घर बनाना आसान होगा। लेकिन पूरे धारावी में केवल 104 हेक्टेयर जमीन ही ऐसी है, जहां निर्माण किया जा सकता है। बाकी जमीन पर निर्माण नहीं हो सकता।

इसी वजह से प्रोजेक्ट का काम सही क्रम में करना जरूरी है। पहले करीब 9.5 करोड़ वर्ग फुट जगह पर धारावी के लोगों के लिए घर और दूसरी सुविधाएं बनाई जाएंगी। इसके बाद करीब 13 करोड़ वर्ग फुट जगह तैयार की जाएगी, जिसे बेचा जा सकेगा।

छोटे कारोबारों के लिए भी बनेगी जगह

सरकार का कहना है कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ झुग्गियों की जगह नई इमारतें बनाने तक सीमित नहीं रहेगा। धारावी को एक बड़े बिजनेस सेंटर के रूप में तैयार करने की भी योजना है।

ये खबर पढ़ना न भूलें: जैसलमेर रेलवे स्टेशन हुआ पूरी तरह मॉडर्न, यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

धारावी में चमड़े, मिट्टी के बर्तन और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े कई छोटे कारोबार चलते हैं। इन कारोबारों के लिए नई और बेहतर जगह बनाई जाएगी। अभी इनमें से कई कारोबार बिना किसी तय सिस्टम के चल रहे हैं। नए प्रोजेक्ट के तहत इन्हें रजिस्टर्ड और तय नियमों के साथ चलने वाले कारोबारों में शामिल किया जाएगा।

सरकार ने ऐसे कारोबारों को नए सिस्टम में आने के बाद पांच साल तक GST से छूट देने का प्रस्ताव भी रखा है।

किन लोगों को धारावी में मिलेगा घर

इस प्रोजेक्ट में करीब 1.6 लाख घरों, दुकानों और काम करने वाली यूनिट्स को दोबारा बसाने की योजना है।

साल 2000 से पहले से धारावी में रहने वाले योग्य लोगों को धारावी के अंदर 350 वर्ग फुट का घर मिलेगा। साल 2000 से 2011 के बीच के योग्य लोगों को भी ₹2.5 लाख देने के बाद धारावी के अंदर ही घर दिया जाएगा।

advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि धारावी के सभी योग्य लोगों को धारावी के अंदर ही घर मिलेगा।

Adani Group को मिला था प्रोजेक्ट

Adani Group ने नवंबर 2022 में धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट की बोली जीती थी। कंपनी ने इस प्रोजेक्ट में शुरुआत में ₹5,069 करोड़ लगाने की बात कही थी।

यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र सरकार और Adani Group की मिलकर बनाई गई कंपनी Navbharat Mega Developers Private Limited के जरिए पूरा किया जा रहा है। इसे दुनिया के सबसे बड़े शहरी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।