scorecardresearch

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, तेज बारिश और ओले गिरने की आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदले मौसम के बीच बारिश और तेज हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। जानिए किन इलाकों में बारिश होगी और अगले कुछ दिनों तक मौसम कैसा रहेगा।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बीच IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट।
  • 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका।
  • दिल्ली समेत कई राज्यों में गरज-चमक और ओलावृष्टि का अलर्ट।

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश तेज हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

advertisement

दोपहर 2 बजे तक ऑरेंज अलर्ट, कितनी तेज होगी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में दोपहर 2 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में बारिश के एक या दो दौर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, सभी इलाकों में बारिश की तीव्रता एक जैसी नहीं रहेगी। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 16 अक्टूबर को भी बना रह सकता है। इसके बाद वीकेंड पर मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।

तापमान में गिरावट, इन राज्यों में ओले गिरने की आशंका

बारिश के कारण दिल्ली में दिन के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Image Credit: Aaj Tak

दिल्ली के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी ओले गिरने की आशंका है।

तेज हवाओं और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।

अक्टूबर में क्यों बदल रहा दिल्ली का मौसम?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के इलाकों में बना चक्रवाती परिसंचरण है। उत्तरी पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं।

इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी भी मौसम को प्रभावित कर रही है। इससे पहले 12 अक्टूबर को दिल्ली में हुई बारिश को पिछले चार वर्षों में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन बताया गया था। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव मानसून के बाद के सामान्य मौसमी पैटर्न का हिस्सा है।

advertisement