स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली मेट्रो की खास तैयारी, सुबह 4 बजे से शुरू होंगी सेवाएं
स्वतंत्रता दिवस 2026 के समारोह को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों के लिए खास तैयारी की है। 15 अगस्त को मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी। DMRC ने स्पेशल गेस्ट और इनवाइटेड लोगों के लिए QR टिकट की व्यवस्था की है, ताकि लाल किला पहुंचना आसान हो सके।

In Short
- स्वतंत्रता दिवस 2026 पर दिल्ली मेट्रो सेवाएं सुबह 4:00 बजे से शुरू होंगी, सभी टर्मिनल स्टेशनों से मिलेगी सुविधा।
- DMRC ने स्पेशल गेस्ट और इनवाइटेड लोगों के लिए डिफेंस मिनिस्ट्री को 1,30,000 प्री-वेंडेड QR टिकट दिए हैं।
- लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन समारोह स्थल के सबसे नजदीकी स्टेशन रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर लाल किले में होने वाले समारोह में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने खास इंतजाम किए हैं। 15 अगस्त 2026 यानी शनिवार को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4:00 बजे से शुरू कर दी जाएंगी, ताकि स्पेशल गेस्ट, इनवाइटेड लोगों और आम यात्रियों को समारोह स्थल तक पहुंचने में आसानी हो सके।
इस खास व्यवस्था के तहत मेट्रो सेवाओं को सुबह जल्दी शुरू किया जाएगा और इसकी टाइमिंग को लेकर भी अलग इंतजाम किए गए हैं।
सुबह 4 बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं
DMRC के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दिन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4:00 बजे से मेट्रो चलने लगेगी। यह सुविधा पूरे नेटवर्क में यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।
सुबह 4 बजे से लेकर उस दिन की रेगुलर रेवेन्यू सर्विस शुरू होने तक सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन 30 मिनट के अंतराल पर चलाई जाएगी। इसके बाद मेट्रो सेवाएं तय टाइम टेबल के अनुसार सामान्य रूप से संचालित होंगी।
स्पेशल गेस्ट के लिए जारी किए गए QR टिकट
समारोह में आने वाले स्पेशल गेस्ट और इनवाइटेड लोगों के सफर को आसान बनाने के लिए DMRC ने डिफेंस मिनिस्ट्री को 1,30,000 स्पेशल प्री-वेंडेड QR टिकट उपलब्ध कराए हैं।
इसके अलावा जिन इनवाइटेड लोगों के पास डिफेंस मिनिस्ट्री की ओर से जारी वैलिड फिजिकल एडमिट कार्ड होंगे, उन्हें भी तय किए गए मेट्रो स्टेशनों पर स्पेशल प्री-वेंडेड QR टिकट दिए जाएंगे। इससे उन्हें समारोह स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट स्टेशन सबसे नजदीक
स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आयोजन स्थल लाल किला रहेगा। DMRC ने बताया कि लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन समारोह स्थल के सबसे नजदीकी स्टेशन हैं।इन स्टेशनों से यात्रियों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी। इसलिए समारोह में जाने वाले लोग इन मेट्रो स्टेशनों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
QR टिकट के सफर का खर्च डिफेंस मिनिस्ट्री करेगी पूरा
DMRC की ओर से जारी किए गए इन स्पेशल QR टिकट से किए गए सफर का खर्च डिफेंस मिनिस्ट्री की ओर से DMRC को वापस किया जाएगा।इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना और स्पेशल गेस्ट व आम लोगों को बेहतर ट्रैवल सुविधा देना है।

