scorecardresearch

BRICS Summit 2026 पर सत्ता-विपक्ष से आई तारीफ, पहलगाम और फिलिस्तीन के जिक्र को बताया अहम

नई दिल्ली में हुए BRICS Summit 2026 के बाद देश के कई बड़े राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. रविशंकर प्रसाद, मायावती और महबूबा मुफ्ती ने समिट और Delhi Declaration के अलग-अलग पहलुओं को अहम बताया. जानिए पहलगाम, फिलिस्तीन और भारत की कूटनीति पर किसने क्या कहा.

Advertisement

In Short

  • रविशंकर प्रसाद ने BRICS Summit 2026 को ऐतिहासिक रूप से सफल बताया.
  • मायावती ने साझा घोषणापत्र को भारत की सूझबूझ और अच्छी कूटनीति का नतीजा कहा.
  • महबूबा मुफ्ती ने Delhi Declaration को सकारात्मक कदम बताया, साथ ही भारत से और मजबूत रुख की उम्मीद जताई.

नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट के बाद अब देश के अलग-अलग राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद से लेकर BSP प्रमुख मायावती और PDP चीफ महबूबा मुफ्ती तक ने समिट और इसके साझा घोषणापत्र को अहम बताया है. हालांकि महबूबा मुफ्ती ने कुछ मुद्दों पर भारत से और मजबूत रुख की उम्मीद भी जताई.

advertisement

रविशंकर प्रसाद ने बताया ऐतिहासिक समिट

पटना में बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने BRICS समिट की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह समिट ऐतिहासिक रूप से सफल रहा है. उनके मुताबिक भारत की अगुवाई में चीन, रूस, ईरान, UAE, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील जैसे बड़े देशों ने एक वैकल्पिक और प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय मंच तैयार किया है.

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि समिट के दौरान आर्थिक रिश्तों और सहयोग से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं. उन्होंने खास तौर पर चीन की ओर से भारत के साथ दोस्ती का नया हाथ बढ़ाने का जिक्र किया. साथ ही कहा कि रूस, मलेशिया और ईरान के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है.

Image Credit: AajTak

पहलगाम हमले की निंदा को बताया बड़ी बात

रविशंकर प्रसाद ने BRICS के साझा घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा का भी जिक्र किया. उन्होंने इसे बेहद महत्वपूर्ण बताया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति सफल रही है.

उन्होंने BRICS समिट के नतीजों पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस से भी जवाब मांगा.

मायावती ने भी की मोदी सरकार की तारीफ

BSP प्रमुख मायावती ने भी BRICS समिट की सफलता पर मोदी सरकार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि BRICS का साझा घोषणापत्र भारत की सूझबूझ और अच्छी कूटनीति का नतीजा है.

मायावती ने खास तौर पर घोषणापत्र में फिलिस्तीन समाधान और पहलगाम आतंकी हमले के जिक्र को बेहद अहम बताया.

महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली डिक्लेरेशन को सराहा

श्रीनगर में PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने BRICS न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन को सकारात्मक कदम बताया. उन्होंने कहा कि इसमें पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की गई है. इसके अलावा पश्चिम एशिया, एकतरफा हमलों, प्रतिबंधों और गाजा के हालात को लेकर भी मजबूत बयान दिया गया है.

हालांकि महबूबा मुफ्ती ने यह भी कहा कि BRICS की चेयर और मेजबान देश होने के नाते भारत को इन मुद्दों पर और मजबूती से अपनी बात रखनी चाहिए थी.

advertisement