रविवार 27 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक! तीन दिन की हड़ताल से पहले सरकार ने लिया बड़ा फैसला
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब 27 सितंबर 2026 रविवार को सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। RBI ने बैंक शाखाओं, ATM लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को सामान्य रूप से संचालित करने की मंजूरी दी है।

In Short
- 27 सितंबर रविवार को खुले रहेंगे PSB और RRB बैंक
- 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है बैंक कर्मचारियों की हड़ताल
- RBI ने शाखाओं और करेंसी चेस्ट संचालन को दी मंजूरी
देशभर में प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब 27 सितंबर 2026 रविवार को सभी पब्लिक सेक्टर बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य रूप से काम करेंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल 26 और 27 सितंबर के वीकेंड अवकाश के बाद शुरू होनी है। ऐसे में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना को देखते हुए सरकार ने रविवार को बैंक खुले रखने का फैसला किया है।
RBI ने बैंक शाखाओं को चालू रखने की दी मंजूरी
वित्त मंत्रालय के अनुरोध पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सभी बैंक शाखाओं, ऑफिस, ATM लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर 2026 को सामान्य रूप से संचालित करने की मंजूरी दे दी है।
इस फैसले का उद्देश्य ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों को पूरा करना है, ताकि लंबी अवधि तक बैंक बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
हड़ताल टालने की अपील
सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील की है। सरकार का कहना है कि ग्राहकों की सुविधा और जरूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखना उसकी प्राथमिकता है।
बैंक प्रबंधन ने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि हड़ताल की स्थिति में भी जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम समय पर पूरा कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

