₹100 करोड़ के फ्लैट में ऐसा क्या है खास? अशनीर ग्रोवर ने दिखाया DLF Camellias का नजारा, सुविधाएं देखकर रह जाएंगे हैरान
गुरुग्राम के DLF Camellias में एक फ्लैट की कीमत ₹100 करोड़ तक पहुंच जाती है। आखिर ऐसा क्या खास है कि लोग यहां रहने के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करते हैं? अशनीर ग्रोवर ने अपने यूट्यूब वीडियो में इस लग्जरी सोसाइटी की झलक दिखाई है। यहां की सुविधाएं आपको हैरान कर देंगी।

In Short
- गुरुग्राम के DLF Camellias में फ्लैट की कीमत ₹100 करोड़ तक, अशनीर ग्रोवर ने दिखाई लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक।
- स्नो रूम, स्विमिंग पूल, प्राइवेट थिएटर और बॉलिंग एली जैसी शानदार सुविधाएं मौजूद।
- अशनीर ग्रोवर ने अपना DLF Camellias वाला फ्लैट किराए पर दिया, फिलहाल दिल्ली में रहते हैं।
गुरुग्राम में एक ऐसा लग्जरी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स है, जहां फ्लैट की कीमत ₹100 करोड़ तक पहुंच जाती है। इतनी बड़ी रकम में आखिर लोगों को क्या मिलता है? क्या सिर्फ एक शानदार घर या फिर कुछ ऐसा जो आम अपार्टमेंट में देखने को नहीं मिलता? इसी सवाल का जवाब अशनीर ग्रोवर ने अपने यूट्यूब वीडियो में दिया है। उन्होंने दिखाया कि यहां रहने वालों के लिए कैसी सुविधाएं हैं और इस जगह को इतना खास क्या बनाता है।
DLF Camellias को लेकर अशनीर ग्रोवर ने क्या कहा?
शार्क टैंक इंडिया के पूर्व जज अशनीर ग्रोवर ने अपने यूट्यूब टूर में गुरुग्राम के DLF Camellias की झलक दिखाई। उन्होंने बताया कि यहां लोग सिर्फ महंगे फ्लैट के लिए पैसे नहीं देते, बल्कि उन्हें एक अलग तरह की लाइफस्टाइल मिलती है। यहां खूबसूरत गार्डन, प्राइवेट सड़कें और रिजॉर्ट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। ग्रोवर ने कहा कि यहां एक अलग ही शहर बना दिया गया है, जो भारत की आम रिहायशी जगहों से बिल्कुल अलग लगता है।
स्नो रूम से लेकर स्विमिंग पूल तक की सुविधा
DLF Camellias के बड़े क्लब हाउस में कई खास सुविधाएं हैं। यहां स्नो रूम भी है, जहां लोग गुरुग्राम में रहते हुए बर्फ जैसा माहौल महसूस कर सकते हैं। इसके अलावा एक इंडोर स्विमिंग पूल, दो आउटडोर पूल, जकूजी, सौना, स्टीम रूम और जिम मौजूद हैं। खाने-पीने के लिए रेस्टोरेंट, कॉफी शॉप और बार भी है। यहां एक बैंक्वेट हॉल भी बनाया गया है, जिसमें करीब 500 मेहमानों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है।
बॉलिंग से लेकर प्राइवेट थिएटर तक
यहां रहने वाले लोगों के मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम है। क्लब हाउस में बॉलिंग एली, कराओके लाउंज और प्राइवेट मूवी थिएटर जैसी सुविधाएं हैं। इसके अलावा गेमिंग एरिया, टेनिस कोर्ट, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस और पैडल कोर्ट भी मौजूद हैं। काम करने के लिए मीटिंग रूम और प्राइवेट डाइनिंग स्पेस की सुविधा दी गई है। ग्रोवर ने बताया कि उन्होंने अपनी किताब 'दोगलापन' इसी क्लब हाउस की एक बैठने वाली जगह पर लिखी थी।
आखिर इतनी महंगी क्यों है यह प्रॉपर्टी?
अशनीर ग्रोवर के मुताबिक, DLF Camellias की असली लग्जरी सिर्फ फ्लैट के अंदर नहीं, बल्कि उसके आसपास के माहौल में है। यहां साफ-सफाई, हरियाली और प्राइवेसी पर खास ध्यान दिया गया है। लोगों के टहलने के लिए वॉकिंग पाथ और प्राइवेट सड़कें हैं। गोल्फ कोर्स के पास हरियाली वाले इलाके में एक किलोमीटर से ज्यादा लंबा वॉकिंग रूट भी है।
खुद यहां क्यों नहीं रहते अशनीर ग्रोवर?
दिलचस्प बात यह है कि अशनीर ग्रोवर के पास DLF Camellias में अपना अपार्टमेंट है, लेकिन वह फिलहाल दिल्ली में रहते हैं। उन्होंने अपना Camellias वाला फ्लैट किराए पर दे रखा है। यही वजह है कि उनके अपने घर का टूर देखने के लिए लोगों को अभी इंतजार करना होगा।

