एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में कई टेक्निकल गड़बड़ियां, हवा में अचानक 300 फीट नीचे आया था विमान
एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में अचानक ऐसी स्थिति बनी कि विमान हवा में करीब 300 फीट नीचे आ गया। फ्लाइट में 137 यात्री सवार थे और 17 लोग घायल हुए। PTI की रिपोर्ट में अब सामने आया है कि उड़ान के दौरान विमान में एक के बाद एक क्या दिक्कतें आई थीं।

In Short
- एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट हवा में अचानक करीब 300 फीट नीचे आई
- PTI के मुताबिक फ्लाइट में कई टेक्निकल दिक्कतों के साथ ट्रिपल हाइड्रोलिक फेलियर हुआ
- घटना में कम से कम 17 लोग घायल, AAIB की जांच में एयरबस और फ्रांस की BEA भी करेगी मदद
एयर इंडिया की फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 के 4 अगस्त के सफर को लेकर नई जानकारी सामने आई है। हवा में करीब 300 फीट नीचे आने से पहले विमान में कई टेक्निकल दिक्कतें और हाइड्रोलिक सिस्टम में फेलियर हुआ था।
इस घटना में यात्रियों और केबिन क्रू समेत कम से कम 17 लोग घायल हुए थे। अब AAIB मामले की जांच कर रहा है और एयरबस के साथ फ्रांस की BEA टीम भी इसमें मदद करेगी। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट में आखिर क्या-क्या दिक्कतें आईं और घटना के बाद क्या कार्रवाई हुई, इसे अलग-अलग समझते हैं।
फ्लाइट में आए कई टेक्निकल ग्लिच
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कई टेक्निकल और मैकेनिकल दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विमान का ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हो गया था, जिसके बाद को-पायलट ने मैनुअली विमान को कंट्रोल किया। इसी दौरान फ्लाइट कंट्रोल स्टॉल का मैसेज भी दिखाई दिया और कई इंडिकेटर स्विच कुछ समय के लिए बंद हो गए।
तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम हुए फेल
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में भी कई फेलियर हुए और ट्रिपल हाइड्रोलिक फेलियर की स्थिति बनी। हाइड्रोलिक सिस्टम विमान के फ्लाइट कंट्रोल के लिए काफी अहम होता है। इसी दौरान विमान को मिड-एयर टर्बुलेंस का भी सामना करना पड़ा और वह क्रूज के दौरान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। हालांकि, क्रू ने विमान को दोबारा संभाल लिया और फ्लाइट दिल्ली तक जारी रही।
17 लोग घायल, दो केबिन क्रू अस्पताल में भर्ती
फ्लाइट में 137 यात्री थे, जिनमें तीन बच्चे शामिल थे, जबकि आठ क्रू मेंबर भी विमान में मौजूद थे। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, घटना में कम से कम 17 लोग घायल हुए। कुछ केबिन क्रू को स्पाइनल और नेक इंजरी हुई। दो केबिन क्रू मेंबर को स्पाइनल इंजरी के इलाज के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
बच्चा पीछे की तरफ उछला, यात्री को पसलियों में चोट
एक महिला यात्री ने बताया कि विमान के अचानक नीचे आने पर उसने अपने पोते को कसकर पकड़ा और उसकी सीटबेल्ट लगाई। इस दौरान महिला की पसलियों में चोट आई। वहीं, एक छोटा बच्चा विमान के पीछे की तरफ उछल गया था। इसके बावजूद विमान बाद में स्टेबल हुआ और दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर गया।
AAIB ने शुरू की जांच, एयरबस और BEA देंगे मदद
AAIB ने इस घटना की जांच इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन यानी ICAO के Annex 13 के तहत शुरू की है। मामला सीरियस इंसिडेंट के तौर पर क्लासिफाई किया गया है। एयरबस A320 फ्रांस में बना है, इसलिए फ्रांस की ब्यूरो डी'एन्क्वेट्स एट डी'एनालिस यानी BEA की टीम भी जांच में शामिल होगी। PTI के मुताबिक, एयरबस और BEA की टीमें मंगलवार को भारत पहुंच सकती हैं।
दोनों पायलट रोस्टर से हटाए गए
घटना के बाद दोनों पायलट का जरूरी साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया। पायलट-इन-कमांड के सैंपल को कन्फर्मेटरी टेस्टिंग के लिए भेजा गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, DGCA ने जांच और टेस्ट रिजल्ट आने तक दोनों पायलट को रोस्टर से हटा दिया है। एयरबस ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को टेक्निकल मदद दे रहा है और स्पेशलिस्ट की टीम भी जांच में सहयोग के लिए भेजी जा रही है।

