
WhatsApp का नया फीचर! अब बिना ऐप डाउनलोड किए भी मिलेगा पार्टी का इनविटेशन, ऐसे करेगा काम
WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर लेकर आ रहा है, जिससे पार्टी, बर्थडे और फैमिली फंक्शन का आयोजन आसान हो जाएगा। खास बात यह है कि अब ऐसे लोगों को भी इनविटेशन भेज सकेंगे, जो व्हाट्सऐप इस्तेमाल नहीं करते। जानिए यह फीचर कैसे काम करेगा और क्या बदलेगा।

In Short
- अब ऐप इस्तेमाल नहीं करने वाले लोग भी इवेंट का इनविटेशन खोल सकेंगे।
- व्हाट्सऐप की Settings में एक ही जगह पुराने और आने वाले इवेंट की जानकारी मिलेगी।
- अनजान मेहमानों को फोन नंबर नहीं दिखेगा और बिना अकाउंट वाले लोगों को RSVP के बाद ही इवेंट का पता मिलेगा।
व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के लिए एक नया अपडेट लेकर आ रहा है, जिससे पार्टी, बर्थडे और फैमिली फंक्शन का आयोजन करना पहले से आसान हो जाएगा। अब आप ऐसे लोगों को भी व्हाट्सऐप के जरिए इनविटेशन भेज सकेंगे, जो इस मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल नहीं करते हैं। खास बात यह है कि इनविटेशन पाने वाले व्यक्ति को न तो व्हाट्सऐप डाउनलोड करना होगा और न ही अकाउंट बनाना पड़ेगा। वह सिर्फ एक लिंक खोलकर इवेंट की जानकारी देख सकेगा और बता सकेगा कि वह कार्यक्रम में शामिल होगा या नहीं।
बिना WhatsApp के भी भेज सकेंगे इनविटेशन
Meta ने WhatsApp Events में एक नया बदलाव किया है। इसके तहत यूजर्स ऐसे लोगों को भी किसी कार्यक्रम में आमंत्रित कर सकेंगे, जो WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते हैं।
इसके लिए इवेंट आयोजित करने वाला व्यक्ति व्हाट्सऐप पर एक इवेंट बना सकेगा। इसमें कवर फोटो जोड़ने के बाद इनविटेशन लिंक शेयर किया जा सकेगा। लिंक पाने वाला व्यक्ति अपने ब्राउजर में इसे खोलकर कार्यक्रम की जानकारी देख सकेगा।
इसके अलावा वह RSVP के जरिए बता सकेगा कि वह कार्यक्रम में आएगा या नहीं। इसके लिए व्हाट्सऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी।
WhatsApp में मिलेगा अलग Events Home सेक्शन
नए अपडेट के साथ व्हाट्सऐप में इवेंट मैनेज करने का तरीका भी बदल जाएगा। अब यूजर्स को पुराने चैट्स में जाकर कार्यक्रम की जानकारी खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
व्हाट्सऐप की Settings में एक नया Events Home सेक्शन मिलेगा। इसमें पुराने और आने वाले सभी इवेंट की जानकारी एक ही जगह दिखाई देगी।
यूजर्स यहां अपने बनाए गए इवेंट और दूसरों से मिले इनविटेशन देख सकेंगे। इसके अलावा अपनी पसंद के मुताबिक इनविटेशन तैयार करने, मेहमानों के जवाब देखने और उन्हें रिमाइंडर भेजने की सुविधा भी मिलेगी।
व्हाट्सऐप इसमें प्लस-वन का विकल्प भी जोड़ रहा है। इसकी मदद से मेहमान बता सकेंगे कि वे अपने साथ किसी दूसरे व्यक्ति को भी लेकर आएंगे या नहीं।

फोन नंबर और इवेंट की जानकारी कितनी सुरक्षित रहेगी?
व्हाट्सऐप ने इस नए फीचर में प्राइवेसी का भी ध्यान रखा है। कंपनी के मुताबिक, जिन मेहमानों को आप नहीं जानते हैं, उन्हें आपका फोन नंबर दिखाई नहीं देगा।
वहीं, व्हाट्सऐप अकाउंट नहीं रखने वाले लोगों को इवेंट का पता तभी दिखाई देगा, जब वे अपना RSVP सबमिट कर देंगे।
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि व्हाट्सऐप पर पर्सनल मैसेज और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे।
कब तक मिलेगा WhatsApp का नया फीचर?
व्हाट्सऐप ने इस अपडेट की घोषणा कर दी है। कंपनी के मुताबिक, नया Events एक्सपीरियंस आने वाले कुछ हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा।
इस बदलाव का मकसद किसी भी कार्यक्रम के आयोजन को आसान बनाना है, ताकि अलग-अलग मैसेजिंग प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने वाले लोगों को भी आसानी से आमंत्रित किया जा सके।

