scorecardresearch

अगला मोबाइल रिचार्ज होगा सस्ता! 5 पॉइंट में समझिए TRAI के नए फैसले से कैसे मिलेगी राहत

मोबाइल रिचार्ज पर हर महीने पैसे खर्च करने वालों के लिए बड़ी खबर है। TRAI ने नए टेलीकॉम नियम तैयार किए हैं, जिनसे Jio, Airtel और Vi के ग्राहकों को राहत मिल सकती है। खासकर उन लोगों को फायदा होने की उम्मीद है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती। लेकिन क्या अक्टूबर से आपका रिचार्ज सचमुच सस्ता हो जाएगा? जानिए पांच बड़े बदलाव।

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर, AI की मदद से तैयार की गई।
सांकेतिक तस्वीर, AI की मदद से तैयार की गई।

In Short

  • TRAI के नए नियमों से बिना डेटा वाले रिचार्ज के विकल्प बढ़ेंगे।
  • कॉलिंग और SMS वाले प्लान डेटा प्लान से सस्ते होंगे।
  • - नए नियम अक्टूबर से लागू हो सकते हैं।

मोबाइल फोन पर सिर्फ कॉलिंग और SMS करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने नए नियम तैयार किए हैं, जिनका मकसद मोबाइल रिचार्ज को ज्यादा किफायती बनाना है। इन नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान देने होंगे, जिनमें मोबाइल डेटा शामिल नहीं होगा।

advertisement

TRAI ने Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 को अंतिम रूप दे दिया है। ये नियम Jio, Airtel और Vi समेत सभी भारतीय टेलीकॉम ऑपरेटरों पर लागू होंगे। आइए जानते हैं कि नए नियमों में क्या बदलेगा और क्या अक्टूबर से आपका रिचार्ज सस्ता हो सकता है।

1. बिना इंटरनेट वाले ज्यादा रिचार्ज प्लान मिलेंगे

नए नियमों के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियों को सिर्फ वॉयस कॉलिंग और SMS वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने होंगे। इनकी वैलिडिटी 30 दिन या उससे कम हो सकती है। कंपनियों को ऐसे प्लान की वैलिडिटी अपने मौजूदा डेटा वाले प्लान के बराबर रखनी होगी।

उदाहरण के लिए, अगर कोई कंपनी 28 दिन की वैलिडिटी वाला डेटा प्लान देती है, तो उसे इसी वैलिडिटी का सिर्फ कॉलिंग और SMS वाला विकल्प भी देना होगा।

2. डेटा वाले प्लान से कम होगी कीमत

TRAI ने कंपनियों को निर्देश दिया है कि सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले प्लान की कीमत डेटा वाले प्लान के मुकाबले उचित रूप से कम रखी जाए। इससे उन ग्राहकों को फायदा मिल सकता है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती।

हालांकि, TRAI ने इन प्लान्स के लिए कोई निश्चित कीमत या डिस्काउंट तय नहीं किया है। ऐसे में ग्राहकों की वास्तविक बचत कंपनियों की ओर से तय की जाने वाली कीमतों पर निर्भर करेगी।

3. हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू होगा प्लान

नए नियमों के तहत कंपनियों को कम से कम एक ऐसा वॉयस और SMS प्लान देना होगा, जो हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू हो।

मान लीजिए आपका प्लान 10 तारीख को रिन्यू होता है, तो अगले महीने भी इसकी रिन्यूअल तारीख 10 ही होगी।

अगर किसी महीने में वह तारीख नहीं आती है, तो प्लान उस महीने के आखिरी दिन रिन्यू होगा। इससे ग्राहकों को 28 दिन वाले रिचार्ज के अलावा एक नियमित मासिक विकल्प भी मिलेगा।

4. लंबी वैलिडिटी वाले प्लान भी देने होंगे

TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक लंबी वैलिडिटी वाला वॉयस और SMS प्लान उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है। इसका फायदा खासतौर पर उन ग्राहकों को हो सकता है, जो मोबाइल डेटा इस्तेमाल नहीं करते और बार-बार रिचार्ज कराने से बचना चाहते हैं।

advertisement

TRAI के मुताबिक, इन बदलावों का उद्देश्य कम आय वाले ग्राहकों को उनकी जरूरत और बजट के हिसाब से ज्यादा विकल्प देना है।

5. क्या अक्टूबर से सस्ता हो जाएगा रिचार्ज?

TRAI ने नए नियमों को 22 सितंबर 2026 को अंतिम रूप दिया था। ये नियम आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के 30 दिन बाद लागू होंगे। ऐसे में इनके अक्टूबर में प्रभावी होने की संभावना है।

नियम लागू होने के बाद Jio, Airtel और Vi जैसी कंपनियों को बिना डेटा वाले कॉलिंग और SMS प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनकी कीमत डेटा वाले प्लान से उचित रूप से कम होगी।

हालांकि, सभी ग्राहकों का रिचार्ज सस्ता होना जरूरी नहीं है। इसका सीधा फायदा मुख्य रूप से उन लोगों को मिल सकता है, जिन्हें इंटरनेट के बजाय सिर्फ कॉलिंग और SMS की जरूरत होती है।