Online Shopping Tips: ऑनलाइन शॉपिंग में इन गलतियों से बचें, नहीं तो हो सकता है बड़ा नुकसान
ऑनलाइन शॉपिंग में सस्ता सामान हर किसी को पसंद आता है, लेकिन एक छोटी-सी गलती बड़ा नुकसान करा सकती है। अगर आप भी इंटरनेट से खरीदारी करते हैं, तो ऑर्डर करने से पहले ये जरूरी बातें जरूर जान लें।

In Short
- ऑनलाइन शॉपिंग करते समय छोटी-सी लापरवाही भी पड़ सकती है भारी।
- सुरक्षित इंटरनेट और भरोसेमंद वेबसाइट से ही करें खरीदारी।
- फर्जी लिंक और गलत ऑफर्स से बचकर रखें अपनी निजी जानकारी सुरक्षित।
Online Shopping Tips: आजकल ज्यादातर लोग ऑनलाइन शॉपिंग करना पसंद करते हैं। घर बैठे सामान मिल जाता है और कई बार अच्छी छूट भी मिल जाती है। यही वजह है कि लोग ऑनलाइन खरीदारी की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। लेकिन सुविधा के साथ थोड़ा खतरा भी रहता है।
कई बार बड़े ऑफर और सस्ते दाम देखकर लोग बिना सोचे-समझे खरीदारी कर लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
सुरक्षित इंटरनेट से ही करें खरीदारी
ऑनलाइन शॉपिंग करते समय हमेशा सुरक्षित इंटरनेट का इस्तेमाल करें। फ्री वाई-फाई या पब्लिक नेटवर्क पर खरीदारी करने से बचें। ऐसे नेटवर्क पर आपकी जरूरी जानकारी गलत हाथों में जा सकती है।
भरोसे वाली वेबसाइट से ही सामान खरीदें
अगर किसी वेबसाइट पर बहुत बड़ा ऑफर दिख रहा है, तो तुरंत खरीदारी न करें। पहले यह देख लें कि वेबसाइट भरोसे की है या नहीं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: क्या आपका वाई-फाई रख रहा है आप पर नजर? जानें Wi-Fi Sensing की पूरी सच्चाई
जिस वेबसाइट के बारे में जानकारी हो, उसी से सामान खरीदना बेहतर रहता है। किसी भी साइट के बारे में इंटरनेट पर उसके रिव्यू भी देखे जा सकते हैं।
रिटर्न और प्राइवेसी की जानकारी जरूर पढ़ें
सामान ऑर्डर करने से पहले यह जरूर देख लें कि अगर सामान पसंद नहीं आया तो उसे वापस किया जा सकता है या नहीं। साथ ही वेबसाइट आपकी जानकारी का इस्तेमाल कैसे करेगी, यह भी पढ़ लेना चाहिए। इससे बाद में परेशानी नहीं होती।
अपनी निजी जानकारी सोच-समझकर दें
ऑनलाइन शॉपिंग करते समय केवल जरूरी जानकारी ही दें। कोई भी सही शॉपिंग वेबसाइट आपसे बैंक का पिन, रिश्तेदार का नाम या ऐसी दूसरी निजी जानकारी नहीं मांगती। अगर कोई ऐसी जानकारी मांगे, तो सावधान हो जाएं।
ईमेल या एड के लिंक पर तुरंत क्लिक न करें
कई बार ईमेल या एड में बहुत सस्ते ऑफर दिखाए जाते हैं। ऐसे लिंक पर बिना जांचे क्लिक नहीं करना चाहिए। ऐसे लिंक के जरिए आपकी निजी जानकारी चुराई जा सकती है और बैंक खाते को नुकसान पहुंच सकता है।
क्रेडिट कार्ड का हिसाब देखते रहें
अगर आप ऑनलाइन शॉपिंग में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ दिनों के अंतर पर अपने ट्रांजेक्शन जरूर चेक करें। अगर कोई ऐसा लेनदेन दिखे जो आपने नहीं किया है, तो तुरंत बैंक से संपर्क करें। थोड़ी-सी सावधानी रखकर ऑनलाइन शॉपिंग को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

