scorecardresearch

Nvidia के सीईओ जेन्सन हुआंग ने दिया इस्तीफा! 33 साल बाद कंपनी में बदलाव, अब कौन संभालेगा कमान?

AI चिप की दिग्गज कंपनी Nvidia में अचानक हुए बड़े बदलाव ने टेक जगत में हलचल मचा दी है। लंबे समय से कंपनी की कमान संभाल रहे जेन्सन हुआंग ने CEO पद छोड़ दिया है। विवादों के बीच आए इस फैसले से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। जानिए पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • Nvidia के को-फाउंडर जेन्सन हुआंग ने 33 साल बाद CEO पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दिया।
  • कंपनी ने CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया, नए CEO की तलाश शुरू।
  • विवादों के बीच नेतृत्व परिवर्तन की खबर से Nvidia के शेयरों में कथित तौर पर 10% तक गिरावट।

दुनिया की दिग्गज AI चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है। कंपनी के को-फाउंडर और सीईओ जेन्सन हुआंग ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने अपनी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब हुआंग कई विवादों को लेकर चर्चा में हैं। इस्तीफे की खबर के बाद Nvidia के शेयरों में गिरावट बढ़कर कथित तौर पर 10% तक पहुंच गई।

advertisement

33 साल बाद Nvidia से अलग हुए जेन्सन हुआंग

कंपनी की ओर से गुरुवार को जारी बयान के मुताबिक, जेन्सन हुआंग ने प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है।

हुआंग ने साल 1993 में Nvidia की शुरुआत की थी और पिछले 33 साल में कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की दुनिया का बड़ा नाम बनाया। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, उनके नेतृत्व में Nvidia के शेयरों में 7,00,000% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।

विवादों के बीच क्यों आया इस्तीफा?

जेन्सन हुआंग का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई आरोप सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर कई विवाहेतर संबंधों के आरोप लगे हैं। इनमें एक महिला का नाम भी सामने आया है, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह जताया गया है।

ब्लूमबर्ग ने पहले बताया था कि Nvidia का बोर्ड हुआंग के विकल्प तलाश रहा था और इसके लिए एक बाहरी फर्म की मदद ली जा रही थी।

हालांकि, Nvidia ने अपने आधिकारिक बयान में इस्तीफे की वजह नहीं बताई है और न ही इसे इन आरोपों से जोड़ा है।

कौन हैं Nvidia की नई अंतरिम CEO कोलेट क्रेस?

कोलेट क्रेस सितंबर 2013 में Nvidia से जुड़ी थीं। वह कंपनी के फाइनेंस विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और Nvidia की ग्रोथ में उनकी अहम भूमिका रही है।

Nvidia से पहले क्रेस ने करीब 25 साल तक Cisco और Microsoft जैसी बड़ी टेक कंपनियों में फाइनेंस से जुड़े पदों पर काम किया।

अब वह स्थायी CEO की नियुक्ति होने तक कंपनी की कमान संभालेंगी। इसके साथ CFO की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।

हार्वे जोन्स बने बोर्ड के नए चेयरमैन

Nvidia ने हार्वे सी. जोन्स को कंपनी का पहला बोर्ड चेयरमैन नियुक्त किया है। उनके पास टेक्नोलॉजी और निवेश क्षेत्र में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है।

जोन्स ने कोलेट क्रेस के अनुभव और कंपनी की वित्तीय स्थिति को लेकर उनकी समझ पर भरोसा जताया है।

advertisement

अब Nvidia में आगे क्या होगा?

कंपनी ने स्थायी सीईओ की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी के अंदर और बाहर दोनों जगह उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा।

Nvidia ने भरोसा दिलाया है कि उसके कामकाज, ग्राहकों से किए गए वादों और प्रोडक्ट योजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी अपने वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही के नतीजे पहले से तय तारीख 17 नवंबर को ही जारी करेगी।