
Nvidia के CEO जेनसन हुआंग नए विवाद में! करीबी महिला पर चीन को AI चिप्स पहुंचाने का आरोप, FBI कर रही जांच
Nvidia के CEO जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। उनकी करीबी बताई जा रही एलिस हुआंग पर चीन तक प्रतिबंधित AI चिप्स पहुंचाने और जासूसी से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। आखिर कौन हैं एलिस हुआंग, कैसे बना इतना बड़ा नेटवर्क और इस मामले में FBI क्या जांच कर रही है?

In Short
- चीन तक करीब 2.40 लाख प्रतिबंधित Nvidia AI चिप्स पहुंचाने में मदद करने का दावा।
- रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस ने Nvidia CEO से अपने निजी संबंधों का इस्तेमाल बिजनेस में भरोसा बनाने के लिए किया।
- अमेरिकी इंटेलिजेंस को चीन की खुफिया एजेंसी MSS से संबंध होने का शक, FBI कर रही मामले की जांच।
दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग (Jensen Huang) एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। मामला चीन तक प्रतिबंधित AI चिप्स पहुंचाने और एक महिला कारोबारी के कथित जासूसी कनेक्शन से जुड़ा है। इस पूरे मामले में एलिस हुआंग (Alice Huang) का नाम सामने आया है। आखिर एलिस हुआंग कौन हैं, उन्होंने चीन तक AI चिप्स पहुंचाने में क्या भूमिका निभाई और जेनसन हुआंग से उनका क्या रिश्ता है? आइए जानते हैं।
कौन हैं एलिस हुआंग और उन पर क्या आरोप हैं?
The Information की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व एग्जीक्यूटिव हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने करीब 2,40,000 प्रतिबंधित Nvidia AI चिप्स चीन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इनमें ज्यादातर H100 और H200 सिस्टम शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने करीब 7.5 अरब डॉलर की AI GPU चिप्स के इंपोर्ट में भी मदद की थी।
अमेरिकी इंटेलिजेंस एजेंसियों को शक है कि एलिस हुआंग के संबंध चीन की खुफिया एजेंसी Ministry of State Security (MSS) से हो सकते हैं। उन पर संवेदनशील जानकारी चीन तक पहुंचाने का भी संदेह जताया गया है। हालांकि, ये आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।
चीन तक कैसे पहुंचीं अरबों डॉलर की AI चिप्स?
रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में कई कंपनियों का एक नेटवर्क सामने आया है। इसका केंद्र शंघाई की Shanghai Century Litong कंपनी को बताया गया है, जिसके तार सिंगापुर की Megaspeed से जुड़े हैं।
Megaspeed पर पहले भी चीन को करीब 2 अरब डॉलर के Nvidia AI प्रोसेसर दिलाने में मदद करने का आरोप लग चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, 2023 से 2025 के बीच Megaspeed ने करीब 4.6 अरब डॉलर की AI चिप्स इंपोर्ट की थीं। वहीं, Speedmatrix नाम की एक दूसरी कंपनी के जरिए करीब 2 अरब डॉलर की चिप्स भेजी गई थीं। आरोप है कि एलिस हुआंग ने इस सप्लाई चेन में अहम भूमिका निभाई।
जेनसन हुआंग से करीबी का कैसे उठाया फायदा?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग ने Nvidia के CEO जेनसन हुआंग के साथ अपने निजी संबंधों का इस्तेमाल बिजनेस में भरोसा बनाने के लिए किया।वह चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WeChat पर जेनसन हुआंग के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करती थीं। इसके अलावा वह बिजनेस क्लाइंट्स को भी ये तस्वीरें दिखाती थीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस दावा करती थीं कि जेनसन उनके जन्मदिन पर उनके साथ डिनर करते थे और उन्हें गिफ्ट भी देते थे। Nvidia की चीन सेल्स टीम के एक कर्मचारी ने बताया कि एलिस कंपनी के स्थानीय पार्टनर्स के लिए होने वाले सालाना कार्यक्रमों में भी शामिल होती थीं।
कब शुरू हुई दोनों की जान-पहचान?
The Information के मुताबिक, एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग की जान-पहचान 2010 से है। इससे पहले 2010 के दशक में एलिस के पति कांग वेई (Kang Wei) की मुलाकात जेनसन हुआंग से हुई थी।
उस समय Nvidia मुख्य रूप से PC गेमिंग के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसर बना रही थी। एलिस के पति वीडियो गेम कंपनियों में निवेश करने वाले प्राइवेट इक्विटी इन्वेस्टर बताए गए हैं।
FBI कर रही जांच, चीन ने आरोपों से किया इनकार
रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच अमेरिकी जांच एजेंसी FBI कर रही है। जेनसन हुआंग से भी पूछताछ की जा रही है।
दूसरी तरफ, चीन की एम्बेसी ने एलिस हुआंग से किसी भी तरह के संबंध होने से इनकार किया है। फिलहाल जांच जारी है और जासूसी तथा प्रतिबंधित चिप्स की सप्लाई से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

