scorecardresearch

Nvidia CEO जेनसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ीं! चीन की जासूसी का शक, अब कंपनी में कुर्सी पर भी खतरा?

दुनिया की दिग्गज AI चिप कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। पत्नी से बेवफाई कबूल करने के बाद मामला चीन की कथित जासूसी और अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी तक पहुंच गया है। अब कंपनी की जांच से कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • Nvidia CEO जेनसन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई कबूली, चीन की कथित जासूसी के आरोपों के बीच कंपनी ने स्वतंत्र जांच शुरू की।
  • सिंगापुर की Megaspeed कंपनी पर Nvidia की एडवांस AI चिप चीन पहुंचाने का शक, अमेरिका और सिंगापुर में जांच जारी।
  • विवाद के बाद जेनसन हुआंग के भविष्य पर सवाल, अमेरिकी सांसदों ने भी उनके कथित संबंधों की जानकारी मांगी।

दुनिया की दिग्गज AI चिप कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला उनकी निजी जिंदगी से शुरू होकर चीन की कथित जासूसी, अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी और कंपनी के भविष्य तक पहुंच गया है। इस विवाद ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पूरा मामला क्या है, इसमें किस महिला का नाम सामने आया है और अब आगे क्या हो सकता है? आइए समझते हैं।

advertisement

पत्नी से बेवफाई कबूली, एनवीडिया ने शुरू की जांच

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर को 63 साल के जेनसन हुआंग ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की थी। हालांकि, उन्होंने महिला का नाम नहीं बताया। इससे पहले उनका नाम मेगास्पीड की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग से जोड़ा गया था।

6 नवंबर को न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट किया था कि अमेरिकी अधिकारियों के बीच घूम रहे एक मेमो में एलिस को चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ा बताया गया था। आरोप है कि उन्हें जेनसन हुआंग के बारे में जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया गया था।

इसके बाद एनवीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू की। हालांकि, कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि उसकी गोपनीय जानकारी या अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी को नुकसान पहुंचा है।

कौन हैं एलिस हुआंग और क्या करती है Megaspeed?

एलिस हुआंग सिंगापुर की टेक कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं। यह कंपनी डेटा सेंटर के लिए कंप्यूटिंग पावर किराए पर देती है और एनवीडिया के बड़े एशियाई ग्राहकों में शामिल है।

2022 में अमेरिका ने चीन को एडवांस चिप एक्सपोर्ट करने पर पाबंदियां लगाईं। इसके पांच महीने बाद एलिस ने मेगास्पीड का कंट्रोल संभाला। यह कंपनी चीन की गेमिंग कंपनी 7Road Holdings से अलग हुई थी।2023 में एलिस ने मेगास्पीड को सिंगापुर की एक कंपनी को बेच दिया। इसके कुछ समय बाद उसे Nvidia Cloud Partner का दर्जा मिला।

4.6 अरब डॉलर की चिप खरीद पर सवाल

मेगास्पीड तेजी से एनवीडिया की बड़ी ग्राहक बन गई। एक समय कंपनी का एनवीडिया प्रोडक्ट्स का इंपोर्ट 4.6 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया था।2023 के रिकॉर्ड के मुताबिक, कंपनी के इंपोर्ट की वैल्यू उसकी बैलेंस शीट में मौजूद कैश से 1,000 गुना से भी ज्यादा थी।अमेरिकी सरकार जांच कर रही है कि क्या मेगास्पीड ने एनवीडिया की चिप चीन पहुंचाई थीं। सिंगापुर भी संभावित कानूनी उल्लंघनों की जांच कर रहा है।

अमेरिका की सुरक्षा के लिए क्यों बड़ा मामला?

एनवीडिया की एडवांस चिप का इस्तेमाल AI मॉडल बनाने और चलाने में होता है। ये चिप अमेरिका की टेक्नोलॉजी बढ़त के लिए बेहद अहम हैं।जेनसन हुआंग चीन पर चिप एक्सपोर्ट प्रतिबंधों में ढील देने की वकालत करते रहे हैं। एनवीडिया AI इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने के लिए 500 अरब डॉलर की एक बड़ी पहल से भी जुड़ी है।ऐसे में CEO को विदेशी खुफिया एजेंसी द्वारा निशाना बनाए जाने की आशंका गंभीर मानी जा रही है।

advertisement

चीन ने आरोपों पर क्या कहा?

चीन ने आरोपों को खारिज किया है। अक्टूबर के आखिर में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इन्हें बिना सबूत वाले आरोप और चीन को बदनाम करने की कोशिश बताया था।

यह विवाद अगले हफ्ते चीन में होने वाली संभावित ट्रंप-शी जिनपिंग मुलाकात से पहले सामने आया है। सितंबर में शी के अमेरिकी दौरे के दौरान ट्रंप ने जेनसन और उनकी पत्नी को स्टेट डिनर में खास जगह दी थी।

क्या जेनसन हुआंग की CEO की कुर्सी खतरे में है?

अब सबकी नजर एनवीडिया की जांच पर है। अमेरिकी हाउस के प्रमुख रिपब्लिकन सांसदों ने भी हुआंग से एलिस के साथ उनके संबंधों पर जानकारी मांगी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

जांच में अगर कोई गंभीर गड़बड़ी सामने आती है, तो बोर्ड आगे कार्रवाई कर सकता है। हालांकि, अभी उनके पद छोड़ने का कोई फैसला नहीं हुआ है।

advertisement

1990 के दशक में एनवीडिया की स्थापना करने वाले जेनसन हुआंग ने कंपनी को AI इंडस्ट्री की सबसे बड़ी ताकतों में शामिल किया है। ऐसे में उनका भविष्य कंपनी और पूरी AI इंडस्ट्री के लिए अहम माना जा रहा है।