scorecardresearch

Nvidia CEO जेनसन हुआंग के जासूसी विवाद पर भड़का चीन! अमेरिकी मीडिया पर लगाए गंभीर आरोप

एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग के कथित चीनी जासूसी विवाद पर चीन भड़क गया है। चीनी सरकारी अखबार ने अमेरिकी मीडिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्टिंग पर सवाल उठाए हैं। आखिर चीन ने क्या चेतावनी दी, जासूसी का मामला कितना गंभीर है और ट्रंप ने हुआंग का बचाव क्यों किया?

Advertisement

In Short

  • जेनसन हुआंग के कथित जासूसी विवाद पर चीन ने अमेरिकी मीडिया को घेरा, रिपोर्टिंग पर उठाए सवाल।
  • चीन ने चेतावनी दी कि जासूसी की अटकलों से अमेरिका और चीन के व्यापारिक रिश्ते बिगड़ सकते हैं।
  • एनवीडिया ने शुरू की स्वतंत्र जांच, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसन हुआंग का बचाव किया।

दुनिया की दिग्गज AI चिप कंपनी एनवीडिया  के CEO जेनसन हुआंग की निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद अब चीन और अमेरिका के बीच तनाव की वजह बनता दिख रहा है। हुआंग के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और कथित चीनी जासूसी के आरोपों पर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। चीन ने अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टिंग पर सवाल उठाए हैं। वहीं, इस मामले में एनवीडिया की जांच और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

advertisement

चीन ने अमेरिकी मीडिया पर लगाए गंभीर आरोप

चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स  ने अमेरिकी मीडिया, खासकर न्यूयॉर्क टाइम्स पर निशाना साधा है। अखबार ने कहा कि अमेरिकी मीडिया बिना ठोस सबूतों के जेनसन हुआंग के मामले को चीनी जासूसी से जोड़ रहा है।

अखबार के मुताबिक, कुछ तस्वीरों में एशियाई चेहरे दिखने और एनवीडिया की तरफ से चीन पर लगे ट्रेड प्रतिबंधों में ढील देने की कोशिशों को जासूसी की कहानी बनाने का आधार बना दिया गया।

चीन-अमेरिका के रिश्तों पर पड़ सकता है असर

ग्लोबल टाइम्स ने चेतावनी दी कि इस तरह की रिपोर्टिंग से चीन और अमेरिका के रिश्ते खराब हो सकते हैं। अखबार ने कहा कि जब भी दोनों देशों के रिश्ते सुधरने लगते हैं, तब कोई न कोई टकराव बढ़ाने की कोशिश करता है।अखबार के मुताबिक, चीन विरोधी कहानी से दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी और व्यापार पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने भी आरोपों को नकारा

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने भी 30 अक्टूबर को न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट को बेबुनियाद बताया था। उन्होंने कहा कि यह चीन को बदनाम करने की कोशिश है।ग्लोबल टाइम्स ने भी कहा कि हुआंग का मामला उनकी निजी जिंदगी और अमेरिका का आंतरिक मामला है। जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर होनी चाहिए।

किस महिला के साथ जुड़ा जेनसन हुआंग का नाम?

63 साल के जेनसन हुआंग ने चीनी बिजनेसवुमन एलिस हुआंग के साथ अफेयर की बात स्वीकार की है। एलिस को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है।अमेरिकी इंटेलिजेंस अधिकारियों को शक है कि एलिस किसी विदेशी जासूसी ऑपरेशन से जुड़ी हो सकती हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

वह पहले सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड  से जुड़ी थीं। इस कंपनी पर चीन को प्रतिबंधित एडवांस AI चिप्स तक पहुंच दिलाने के कथित संबंधों को लेकर सवाल उठ चुके हैं। एलिस और जेनसन हुआंग रिश्तेदार नहीं हैं।

पत्नी और बच्चों से मांगी माफी

जेनसन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे मैसेज में अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी और बच्चों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके किए का कोई बहाना नहीं है। उन्होंने कर्मचारियों, बोर्ड और शेयरहोल्डर्स पर पड़े असर की जिम्मेदारी भी ली।

advertisement

एनवीडिया ने शुरू की स्वतंत्र जांच

एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की है। इसकी जिम्मेदारी स्वतंत्र डायरेक्टर्स और बाहरी कानूनी सलाहकारों को दी गई है। हुआंग जांच में सहयोग करने को तैयार हैं।

हालांकि, बोर्ड ने कहा है कि फिलहाल ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी या कंपनी के ट्रेड सीक्रेट्स को नुकसान पहुंचा है।

ट्रंप ने किया बचाव, कंपनी पर बढ़ा दबाव

अमेरिकी रिपब्लिकन सांसदों ने आरोपों को लेकर हुआंग से कांग्रेस में ब्रीफिंग की मांग की है। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका बचाव करते हुए उन्हें सम्मानित व्यक्ति बताया और कहा कि उन्होंने देश के लिए शानदार काम किया है।

इस विवाद के बीच करीब 4.5 ट्रिलियन डॉलर की अनुमानित मार्केट वैल्यू वाली एनवीडिया पर दबाव बढ़ा है। टेक्नोलॉजी शेयरों में व्यापक बिकवाली ने भी कंपनी की मुश्किलें बढ़ाई हैं।