Netflix का बड़ा धमाका! कंपनी लाई 'Clips' फीचर, अब रील्स की तरह ढूंढ सकेंगे अपनी पसंदीदा फिल्में और वेब सीरीज
यह फीचर भारत समेत अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, मलेशिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और साउथ अफ्रीका में मोबाइल ऐप पर धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है। आने वाले महीनों में इसे और देशों में भी विस्तार दिया जाएगा।

Netflix Clips: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) ने अपने मोबाइल ऐप में बड़ा बदलाव करते हुए एक नया फीचर लॉन्च किया है।कंपनी अब 'Clips' नाम से Instagram जैसे वर्टिकल शॉर्ट वीडियो फीचर लाई है, जिससे यूजर्स को कंटेंट ढूंढना आसान और ज्यादा दिलचस्प बनेगा।
नेटफ्लिक्स के मुताबिक, 'Clips' एक पर्सनलाइज्ड हाइलाइट रील की तरह काम करेगा, जहां यूजर्स को उनके पसंद के हिसाब से फिल्मों और सीरीज के छोटे-छोटे क्लिप्स दिखेंगे। यह फीचर भारत समेत अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, मलेशिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और साउथ अफ्रीका में मोबाइल ऐप पर धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है। आने वाले महीनों में इसे और देशों में भी विस्तार दिया जाएगा।
क्या है ‘Clips’ और कैसे करेगा काम?
यह फीचर Instagram के Reels जैसा है, जहां यूजर्स वर्टिकल फॉर्मेट में छोटे वीडियो देख सकेंगे। इन क्लिप्स में Netflix की फिल्मों, वेब सीरीज और स्पेशल कंटेंट के हाइलाइट्स शामिल होंगे।
कंपनी की चीफ प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी ऑफिसर एलिजाबेथ स्टोन ने कहा कि यह फीचर उन पलों के लिए डिजाइन किया गया है जब यूजर्स जल्दी से कुछ नया ढूंढना चाहते हैं या हल्का-फुल्का कंटेंट देखना चाहते हैं।
यूजर्स को क्या मिलेगा नया?
Clips के जरिए यूजर्स सीधे किसी शो या फिल्म को 'My List' में जोड़ सकेंगे। साथ ही यूजर्स अपने पसंदीदा सीन को दोस्तों के साथ शेयर भी कर सकेंगे।
सबसे खास बात यह है कि यह फीचर यूजर की पसंद के आधार पर पर्सनलाइज्ड रिकमेंडेशन देगा- जैसे कॉमेडी, ड्रामा या फैमिली कंटेंट ताकि यूजर जल्दी फैसला ले सकें की उन्हें आगे क्या देखना है।
नेटफ्लिक्स का क्या है आगे का प्लान?
फिलहाल Clips में सिर्फ फिल्मों और टीवी शो के क्लिप्स दिखेंगे, लेकिन कंपनी आगे पॉडकास्ट, लाइव प्रोग्रामिंग और जॉनर-बेस्ड कलेक्शन भी जोड़ने की तैयारी में है।

