गंगा एक्सप्रेसवे बनेगा प्रॉपर्टी का 'गेमचेंजर', प्रॉपर्टी की कीमतों में 40% तक उछाल का अनुमान
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट बाजार के लिए सोने की खान साबित होने वाला है। मेरठ से प्रयागराज तक फैली इस 594 किमी की सड़क ने 12 जिलों में जमीन की कीमतों में हलचल मचा दी है। चलिए जानते हैं आखिर किन शहरों में प्रॉपर्टी के दाम 40% तक बढ़ने वाले हैं।

हाल ही में शुरू हुआ गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर के लिए बड़ा गेमचेंजर बनता दिख रहा है। 594 किमी लंबे और 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे के चलते आने वाले साल में प्रॉपर्टी कीमतों में 20-40% तक उछाल का अनुमान है।
मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह 6 लेन (आठ लेन तक विस्तार योग्य) कॉरिडोर 12 जिलों को जोड़ता है। 120 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के साथ यह सफर का समय काफी घटाएगा, जिससे कनेक्टिविटी और निवेश दोनों बढ़ेंगे।
शहर नहीं, अब कॉरिडोर बनेगा ग्रोथ इंजन
बिजनेस टुडे के रिपोर्ट के मुताबिक रियल एस्टेट कंसल्टेंट Knight Frank India के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजीव विजय ने कहा कि गंगा कॉरिडोर 12 जिलों में नई रियल एस्टेट ग्रोथ की शुरुआत करेगा… यह पश्चिम यूपी के मैन्युफैक्चरिंग, मध्य यूपी की खेती और पूर्वी यूपी की शिक्षा व धार्मिक अर्थव्यवस्था को जोड़ता है।
यह बदलाव शहर-केंद्रित विकास से हटकर कॉरिडोर-आधारित मॉडल की ओर इशारा करता है, जहां टियर-2 और टियर-3 शहर निवेश के नए केंद्र बनेंगे।
इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक्स को मिलेगा बड़ा बूस्ट
ANAROCK Group के वाइस चेयरमैन संतोष कुमार के अनुसार, यह एक्सप्रेसवे यूपी को इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के रूप में स्थापित करेगा। बदायूं, शाहजहांपुर और संभल जैसे जिले वेयरहाउसिंग हब बन सकते हैं। पहले तीन साल में लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स तेज होंगे, जिसके बाद रेसिडेंशियल और कमर्शियल डेवलपमेंट बढ़ेगा।
हाउसिंग डिमांड में तेजी, मेरठ आगे
रेसिडेंशियल सेगमेंट में भी मजबूत ग्रोथ की उम्मीद है। Nimbus Group के CEO साहिल अग्रवाल ने कहा कि कम्यूट टाइम करीब 50% घटेगा, जिससे पहले रेंटल डिमांड बढ़ेगी और फिर प्रॉपर्टी खरीद में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि मेरठ में 30-40% तक कीमत बढ़ सकती है और मेरठ की NCR से नजदीकी और बेहतर कनेक्टिविटी इसे सबसे बड़ा फायदा देने वाली जगह बना रही है।
प्रयागराज में टूरिज्म से मांग बढ़ी
Omaxe Ltd के एमडी मोहित गोयल के मुताबिक प्रयागराज कॉरिडोर में इंफ्रास्ट्रक्चर और टेम्पल इकोनॉमी के चलते 20-30% तक कीमतें बढ़ सकती हैं।
NCR और नए माइक्रो मार्केट्स में हलचल
Karyan Group के डायरेक्टर वरुण गर्ग ने कहा कि गाजियाबाद जैसे क्षेत्र नए ग्रोथ सेंटर बन रहे हैं। वहीं हापुड़, बुलंदशहर और हरदोई में लॉजिस्टिक्स डिमांड बढ़ रही है।

