मोबाइल की बैटरी फटने से शख्स की मौत! फोन में दिखें ये 5 खतरनाक संकेत, तो तुरंत हो जाएं अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक हादसे ने स्मार्टफोन की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फटने से बाइक सवार की मौत हो गई। क्या आपका फोन भी ऐसे खतरे का संकेत दे रहा है? इन पांच बातों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

In Short
- यूपी के मुजफ्फरनगर में जेब में मोबाइल फटने से बाइक सवार की मौत।
- स्मार्टफोन की बैटरी खराब होने से पहले दिख सकते हैं कई संकेत।
- गलत चार्जर और खराब बैटरी का इस्तेमाल बढ़ा सकता है खतरा।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन की बैटरी फटने से हुए हादसे में एक शख्स की जान चली गई। शख्स बाइक से घर लौट रहा था, तभी उसकी जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक फट गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया। गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर स्मार्टफोन की बैटरी से जुड़ी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
आज स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन चुका है। कॉलिंग, मैसेजिंग से लेकर डिजिटल पेमेंट तक, लगभग हर काम में इसका इस्तेमाल होता है। लेकिन फोन की बैटरी में खराबी को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है।
मुजफ्फरनगर में कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, 40 साल के विकास अंतल बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी जेब में रखे मोबाइल की बैटरी अचानक फट गई। धमाके के बाद उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फोन की बैटरी खराब होने के ये 5 संकेत
स्मार्टफोन की बैटरी में खराबी आने पर कई बार कुछ संकेत दिखाई देने लगते हैं। इन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है।
1. फोन का बैक पैनल फूलना
अगर आपके स्मार्टफोन का बैक पैनल फूल रहा है या उसमें गैप दिखाई देने लगा है, तो यह बैटरी फूलने का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
2. डिस्प्ले का बाहर निकलना
कई बार स्मार्टफोन की स्क्रीन किनारों से ऊपर उठने लगती है। इसकी वजह बैटरी का फूलना भी हो सकता है। ऐसा होने पर सर्विस सेंटर जाकर बैटरी की जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर बदलवाएं।
3. बिना इस्तेमाल के फोन गर्म होना
अगर आपका स्मार्टफोन बिना इस्तेमाल किए अचानक गर्म होने लगता है और ऐसा बार-बार होता है, तो इसे हल्के में न लें। फोन को सर्विस सेंटर पर दिखाएं।
4. मोबाइल से अजीब गंध आना
फोन से जलने जैसी या किसी दूसरी तरह की असामान्य गंध आना भी खतरे का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में फोन की तुरंत जांच कराना जरूरी है।
5. गलत चार्जर का इस्तेमाल
बार-बार गलत या फोन के अनुकूल नहीं होने वाले चार्जर का इस्तेमाल बैटरी को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए चार्जिंग के लिए सही चार्जर इस्तेमाल करना जरूरी है।
बैटरी बदलवाते समय रखें इन बातों का ध्यान
स्मार्टफोन में लोकल या खराब क्वालिटी की बैटरी लगवाने से बचना चाहिए। हमेशा कंपनी या किसी रजिस्टर्ड निर्माता की बैटरी का इस्तेमाल करें। आजकल स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी इस्तेमाल होती है। इसमें खराबी या लीकेज होने पर आग लगने या धमाके का खतरा हो सकता है। इसलिए फोन में दिखाई देने वाले इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

