Made in India चिप्स का दौर शुरू: Micron CEO ने भारत की तारीफ में कही बड़ी बात
Micron CEO संजय मेहरोत्रा ने भारत की सेमीकंडक्टर नीति की तारीफ करते हुए कहा कि देश अब क्षमता से आगे बढ़कर उत्पादन के दौर में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि गुजरात के साणंद प्लांट से Made in India DRAM और NAND प्रोडक्ट्स दुनिया भर के बाजारों में भेजे जा रहे हैं और यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है।

In Short
- Micron CEO ने कहा भारत की सेमीकंडक्टर नीति ने इंडस्ट्री को मजबूत आधार दिया
- गुजरात के साणंद प्लांट से Made in India DRAM और NAND चिप्स की सप्लाई शुरू
- भारत अब सेमीकंडक्टर विजन से आगे बढ़कर प्रोडक्शन और एक्जीक्यूशन के दौर में पहुंचा
Micron CEO संजय मेहरोत्रा ने कहा है कि भारत की सेमीकंडक्टर नीति ने इस इंडस्ट्री को एक मजबूत आधार दिया है, जिसकी पहले कमी थी। उन्होंने कहा कि भारत अब सिर्फ सेमीकंडक्टर क्षमता की बात नहीं कर रहा, बल्कि अब विजन से आगे बढ़कर उसे लागू करने के चरण में पहुंच चुका है।
SEMICON India 2026 के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मेहरोत्रा ने कहा कि कई दशकों से भारत की सेमीकंडक्टर क्षमता को लेकर चर्चा होती रही है, लेकिन अब देश इस क्षेत्र में वास्तविक प्रोडक्शन और एक्जीक्यूशन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, "क्षमता से प्रोडक्ट तैयार नहीं होते। आज भारत में जो बदलाव दिख रहा है वह एक्जीक्यूशन है।" मेहरोत्रा ने बताया कि Micron भारत में पिछले सात वर्षों से काम कर रही है और कंपनी देश में सीधे तौर पर 7,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रही है। इसके अलावा कंपनी का काम पूरी वैल्यू चेन में हजारों अन्य नौकरियों को भी समर्थन देता है।
Micron CEO ने बताया कि इस साल की शुरुआत में कंपनी ने गुजरात के साणंद में अपने सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट प्लांट से कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू किया। यह भारत में पहला सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग प्लांट है और India Semiconductor Mission के तहत शुरू हुई पहली प्रमुख परियोजनाओं में से एक है।
उन्होंने कहा कि साणंद प्लांट से तैयार DRAM और NAND प्रोडक्ट्स अब दुनियाभर के ग्राहकों तक भेजे जा रहे हैं। इन चिप्स पर Made in India की पहचान है, जो भारत के सेमीकंडक्टर सफर में एक बड़ी उपलब्धि है।
मेहरोत्रा ने कहा कि मौजूदा उत्पादन क्षमता भारत के पूरे लैपटॉप बाजार की मेमोरी जरूरतों से ज्यादा है। उन्होंने India Semiconductor Mission और ISM 2.0 को इंडस्ट्री के लिए अहम बताते हुए कहा कि इन पहलों ने सेमीकंडक्टर सेक्टर को वह आधार दिया है जो पहले उपलब्ध नहीं था।
भारत सरकार सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत समर्थन और निवेश को प्रोत्साहित कर रही है। Micron का गुजरात प्लांट भारत को ग्लोबल सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन में मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

