
Meta का बड़ा बदलाव! Facebook और Instagram पर टीनएजर्स के लिए लग सकती हैं नई पाबंदियां, जानें पूरा मामला
Meta के Facebook और Instagram को लेकर बड़ा बदलाव सामने आ सकता है। कंपनी ने कैलिफोर्निया कोर्ट में एक बड़े समझौते पर सहमति जताई है। इसके बाद टीनएजर्स के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल के नियम सख्त हो सकते हैं। जानिए किन बदलावों पर हो रही है चर्चा और क्यों उठा विवाद।

In Short
- Meta ने कैलिफोर्निया कोर्ट में 14 अरब डॉलर के समझौते पर सहमति जताई, जिसके बाद कंपनी को नए नियमों का पालन करना होगा।
- 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए Facebook और Instagram इस्तेमाल पर समय सीमा और रात में ऐप बंद करने जैसे नियम लागू हो सकते हैं।
- Meta पर बच्चों की सुरक्षा और सोशल मीडिया की लत बढ़ाने वाले फीचर्स को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद यह मामला समझौते तक पहुंचा।
Meta प्लेटफॉर्म के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। Facebook और Instagram जैसे लोकप्रिय ऐप्स को लेकर कंपनी को नए नियमों का पालन करना पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीनएजर्स यानी 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए Meta को कुछ सख्त नियम मानने होंगे, जिनमें रात के समय ऐप्स बंद करने और दिन में इस्तेमाल की सीमा तय करने जैसी पाबंदियां शामिल हैं।
14 अरब डॉलर के समझौते पर सहमति
कैलिफोर्निया के एक कोर्ट में Meta ने एक समझौते के लिए सहमति दर्ज की है। इसके तहत कंपनी को 14 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1.15 लाख करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। इसके साथ ही कंपनी को कुछ नियम भी लागू करने होंगे।
यह जानकारी कैलिफोर्निया अटॉर्नी जनरल रोब बोनटा के ऑफिस से सामने आई है। हालांकि, Meta इन नए नियमों को कब से लागू करेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
टीनएजर्स के लिए बदल सकते हैं ऐप इस्तेमाल के नियम
समझौते के तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर नए नियम बनाए जा सकते हैं। इनमें Facebook और Instagram को पूरी रात के लिए बंद करने और दिन में सिर्फ 2 घंटे तक इस्तेमाल की अनुमति देने जैसे नियम शामिल हैं।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि Meta इन नियमों को किस तरीके से लागू करेगा और इसके लिए कौन सी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
दो हफ्ते पहले शुरू हुआ था मामला
Meta के खिलाफ कैलिफोर्निया के एक कोर्ट में यह मामला करीब दो हफ्ते पहले शुरू हुआ था। इस केस के साथ अमेरिका के 28 अन्य कोर्ट में चल रहे मामलों का भी संबंध था।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: iPhone 18 Pro की एंट्री से पहले Apple ने तैयार किया बड़ा सरप्राइज, जानें क्या बदलेगा
Meta पर आरोप लगाया गया था कि उसके Facebook और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं। आरोप था कि कंपनी ने अपने ऐप्स में ऐसे फीचर्स शामिल किए हैं, जो लोगों को ज्यादा समय तक स्मार्टफोन इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
कोर्ट में Meta पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। आरोपों में कहा गया कि कंपनी ने ऐसे फीचर्स तैयार किए, जिनसे यूजर्स सोशल मीडिया की आदत के शिकार हो सकते हैं।
इसके अलावा कंपनी पर बच्चों की सुरक्षा को नजरअंदाज करने और उनकी मानसिक सेहत पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
समझौते के बाद खत्म होगा मुकदमा
Facebook की पैरेंट कंपनी Meta के खिलाफ कैलिफोर्निया के ओकलैंड स्थित कोर्ट में चल रहे इस केस पर अब समझौता हो गया है। कंपनी को तय राशि का भुगतान करना होगा और कुछ नियमों का पालन करना होगा।
समझौते के बाद यह मुकदमा खत्म होने की प्रक्रिया में है। साथ ही Meta को दूसरे मामलों में भी राहत मिलने की उम्मीद है।

