कोई ऐसी फिल्म या वेब सीरीज बताओ जो फैमली के साथ देख सकें...बोलते ही JioHotstar पर लग जाएगी कंटेंट की लाइन
अगर कोई यूजर कहता है, "मेरे माता-पिता घर आए हैं, कुछ ऐसा बताओ जो हम सब साथ देख सकें," तो एआई तुरंत समझ जाएगा कि उसे किस तरह की फिल्में दिखानी हैं।

JioHotstar-OpenAI partnership: भारत में स्ट्रीमिंग की दुनिया अब पूरी तरह बदलने वाली है। 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान गुरुवार को देश के प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ने सैम ऑल्टमैन की कंपनी ओपनएआई (OpenAI) के साथ एक बड़े करार का ऐलान किया है।
इस साझेदारी के तहत, अब जियोहॉटस्टार ऐप में चैटजीपीटी (ChatGPT) आधारित एक खास वॉइस और टेक्स्ट असिस्टेंट जोड़ा जाएगा। ओपनएआई का दावा है कि यह नया 'मल्टीलिंग्वल डिस्कवरी टूल' लोगों को बातचीत के जरिए उनकी पसंद का कंटेंट ढूंढने में मदद करेगा। इसका सीधा मकसद पुराने कीवर्ड सर्च और अंतहीन स्क्रॉलिंग की झंझट को खत्म करना है।
सर्च का तरीका बदलेगा 'कॉग्निटिव सर्च'
जियोहॉटस्टार ने अपनी प्रेस नोट में साफ किया है कि इस फीचर के पीछे ओपनएआई की एपीआई (APIs) काम कर रही हैं। हालांकि दोनों कंपनियों ने तकनीकी बारीकियों का पूरा खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें टेक्स्ट जनरेशन के साथ-साथ स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक का इस्तेमाल हुआ है।
इसे कंपनियां 'मल्टीलिंग्वल कॉग्निटिव सर्च' कह रही हैं। इसका फायदा यह है कि यूजर अपनी भाषा में अपना मूड या कोई खास स्थिति बताकर मूवी या शो ढूंढ पाएंगे। यह सिस्टम न केवल आपकी बात समझेगा, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक संदर्भों को ध्यान में रखकर जवाब देगा।
बच्चों से लेकर माता-पिता तक के लिए सुझाव
कंपनी ने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए बताया कि अगर कोई यूजर कहता है, "मेरे माता-पिता घर आए हैं, कुछ ऐसा बताओ जो हम सब साथ देख सकें," तो एआई तुरंत समझ जाएगा कि उसे किस तरह की फिल्में दिखानी हैं।
इसी तरह, अगर कोई यूजर यह कहे कि "हम जुड़वां भाई हैं और हमें सिर्फ जुड़वां किरदारों वाली फिल्में देखनी हैं," तो सिस्टम कीवर्ड मैच करने के बजाय फिल्म की बारीकियों को समझकर सही सुझाव देगा।
जियोहॉटस्टार का दावा है कि यह असिस्टेंट केवल वही नहीं दिखाएगा जो आप मांग रहे हैं, बल्कि आपकी पसंद का अंदाजा लगाकर ऐसी चीजें भी सुझाएगा जो आपने पहले कभी सोची न हों।
लाइव स्पोर्ट्स में भी मिलेगा एआई का साथ
यह फीचर सिर्फ फिल्मों और वेब सीरीज तक सीमित नहीं है। लाइव स्पोर्ट्स के दौरान भी यह कमाल दिखाएगा। मैच चलते समय दर्शक सीधे बातचीत के अंदाज में स्कोर, किसी खिलाड़ी के खास पलों या मैच से जुड़ी अन्य जानकारी मांग सकते हैं।
ओपनएआई में एप्लिकेशन की सीईओ फिजी सिमो (Fidji Simo) ने एक बयान में कहा कि दर्शक अब देखने के साथ-साथ सवाल भी पूछ सकेंगे। इससे जिज्ञासा से लेकर जानकारी और फिर सही कंटेंट तक पहुंचने का सफर बहुत स्वाभाविक और निजी हो जाएगा। फिलहाल यह फीचर चुनिंदा लाइव और ऑन-डिमांड कंटेंट के साथ शुरू होगा, जिसे बाद में पूरे प्लेटफॉर्म पर रोलआउट किया जाएगा।

