scorecardresearch

GTA 6 खेलने वालों के लिए खुशखबरी! Rockstar ने दूर कीं 7 परेशानियां, जानें नए अपडेट में क्या बदला

GTA 6 First Update: GTA 6 खेलने वाले गेमर्स के लिए Rockstar Games ने पहला अपडेट जारी कर दिया है। गेम लॉन्च होने के बाद खिलाड़ियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब कंपनी ने 7 बड़ी समस्याओं को ठीक करने का दावा किया है। इनमें कुछ ऐसी दिक्कतें भी थीं, जिनकी वजह से खिलाड़ी नए मिशन शुरू नहीं कर पा रहे थे।

Advertisement
GTA 6 का पहला अपडेट जारी, Rockstar Games ने ठीक कीं 7 बड़ी समस्याएं
GTA 6 का पहला अपडेट जारी, Rockstar Games ने ठीक कीं 7 बड़ी समस्याएं

In Short

  • GTA 6 का पहला अपडेट जारी, 7 बग ठीक
  • गेम क्रैश और ऑटो सेव की समस्या दूर
  • Wanted Level और मिशन कॉल की दिक्कत ठीक

Grand Theft Auto VI यानी GTA 6 खेलने वालों के लिए अच्छी खबर है। गेम बनाने वाली कंपनी Rockstar Games ने लॉन्च के बाद इसका पहला अपडेट जारी कर दिया है। इस अपडेट में कंपनी ने उन 7 समस्याओं को ठीक करने का दावा किया है, जिनकी शिकायत खिलाड़ी गेम रिलीज होने के बाद से कर रहे थे। इनमें गेम का अचानक बंद होना, मिशन से जुड़ी फोन कॉल समय पर नहीं आना और गेम का सही तरीके से सेव नहीं होना जैसी परेशानियां शामिल हैं।

advertisement

Rockstar ने सोमवार को PlayStation 5 और Xbox Series X/S के लिए यह अपडेट जारी किया। हालांकि, इसमें कोई नया मिशन या बड़ा फीचर नहीं जोड़ा गया है, लेकिन गेम खेलने के दौरान आने वाली कई दिक्कतों को दूर किया गया है।

GTA 6 के नए अपडेट में क्या बदला?

Rockstar Games के मुताबिक, पहले अपडेट में कुल 7 तरह की समस्याओं को ठीक किया गया है।

1. गेम का अचानक बंद होना: कुछ खिलाड़ियों का गेम खेलते समय क्रैश हो रहा था। कंपनी ने इससे जुड़ी कई समस्याएं ठीक की हैं।

2. मौसम नहीं बदलना: गेम में लंबे समय तक एक जैसा मौसम बना रहता था। इस परेशानी को भी दूर किया गया है।

3. ऑटो सेव की दिक्कत: कई बार गेम अपने आप सही तरीके से सेव नहीं हो रहा था। नए अपडेट में इसे ठीक किया गया है।

4. फोन कॉल समय पर नहीं आना: गेम में कुछ जरूरी फोन कॉल सही समय पर नहीं आ रही थीं। इन कॉल के जरिए नए मिशन शुरू होते हैं, इसलिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में परेशानी हो रही थी।

5. पुलिस से पीछा नहीं छूटना: कुछ खिलाड़ियों का Wanted Level कम नहीं हो रहा था। यानी पुलिस लगातार उनका पीछा करती रहती थी। अब इसे ठीक किया गया है।

6. जिम में एक्सरसाइज की समस्या: खिलाड़ी जिम में डेडलिफ्ट नहीं कर पा रहे थे। अपडेट में यह दिक्कत भी दूर की गई है।

7. बैग नहीं मिलना: गेम में साथ चलने वाले कुछ किरदार खिलाड़ियों को प्रतिबंधित सामान से भरे बैग नहीं दे रहे थे। इस बग को भी ठीक किया गया है।

खिलाड़ियों के लिए क्यों जरूरी है यह अपडेट?

इन सात समस्याओं में कुछ छोटी थीं, लेकिन कुछ के कारण गेम में आगे बढ़ना मुश्किल हो रहा था। खासकर जरूरी फोन कॉल नहीं आने से नए मिशन शुरू नहीं हो पा रहे थे।

GTA 6 फिलहाल सिंगल प्लेयर गेम है, इसलिए संभव है कि खिलाड़ी बिना अपडेट डाउनलोड किए भी इसे खेल सकें। हालांकि, बेहतर गेमिंग अनुभव के लिए नया पैच इंस्टॉल करना फायदेमंद हो सकता है।

advertisement