
VinFast VF5: भारत में आएगी नई इलेक्ट्रिक SUV! 43kWh बैटरी, 370KM रेंज, जानें कितनी हो सकती है कीमत
VinFast VF5 India Launch: इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए एक और नया विकल्प आने वाला है। वियतनाम की कंपनी VinFast साल 2027 में भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV VF5 लॉन्च करेगी। इस कार के ग्लोबल मॉडल में 370 किलोमीटर तक की रेंज मिलती है। लेकिन भारत में इसकी कीमत क्या होगी और कौन से फीचर्स मिलेंगे? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- VinFast ने 2027 में भारत में अपनी नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV VF5 लॉन्च करने की पुष्टि की है।
- VF5 के ग्लोबल मॉडल में 43kWh बैटरी, 370KM की दावा की गई रेंज और 60kW DC फास्ट चार्जिंग मिलती है।
- कंपनी भारत में कारों का प्रोडक्शन बढ़ाने के साथ 2027 में इलेक्ट्रिक स्कूटर भी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
वियतनाम की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी VinFast भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि वह 2027 में अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV VinFast VF5 लॉन्च करेगी। यह कार कंपनी की मौजूदा VF6 और VF7 से नीचे के सेगमेंट में आएगी। इसका मकसद कम कीमत वाली इलेक्ट्रिक कार खरीदने के इच्छुक ग्राहकों तक पहुंचना है।

VinFast Asia के CEO तपन घोष ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कंपनी अगले साल भारत में कुछ और नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है। ये कारें वियतनाम में पहले से मौजूद मॉडल पर आधारित होंगी, लेकिन भारतीय सड़कों और मौसम के हिसाब से इनमें बदलाव किए जाएंगे।
VinFast VF5 में क्या होंगे फीचर्स?

VinFast ने हाल ही में वियतनाम में VF5 का अपडेटेड मॉडल पेश किया है। इसमें नया डिजाइन, बदला हुआ डैशबोर्ड और बड़ी बैटरी दी गई है। ग्लोबल मॉडल में 43 kWh की बैटरी मिलती है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 370 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है। यह रेंज NEDC टेस्ट के मुताबिक है।
कार में 99 hp की पावर, 135 Nm का टॉर्क और 10 इंच की टचस्क्रीन मिलती है। इसमें 60 kW DC फास्ट चार्जिंग और 6.6 kW AC चार्जिंग की सुविधा है। कार की लंबाई 3,987 mm, चौड़ाई 1,772 mm, ऊंचाई 1,595 mm और व्हीलबेस 2,514 mm है।
हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाली VF5 के फीचर्स और रेंज अलग हो सकते हैं।
भारत में कितनी होगी कीमत?
वियतनाम में VF5 के Green वेरिएंट की कीमत करीब ₹16.5 लाख और Premium वेरिएंट की कीमत करीब ₹19.4 लाख के बराबर है। हालांकि, ये वियतनाम की कीमतें हैं। भारत में इसकी कीमत अभी तय नहीं हुई है।
भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Tata Nexon EV जैसी इलेक्ट्रिक SUVs से हो सकता है।
कंपनी पहले ही VF6 और VF7 में भारतीय सड़कों के हिसाब से सस्पेंशन, गर्म मौसम के लिए AC और बैटरी कूलिंग सिस्टम में बदलाव कर चुकी है। VF5 में भी ऐसे बदलाव हो सकते हैं। फिलहाल कंपनी का भारत में अलग रिसर्च और डेवलपमेंट सेंटर खोलने का कोई प्लान नहीं है।
भारत में बढ़ेगा कारों का प्रोडक्शन

VinFast की तमिलनाडु के तूतीकोरिन में फैक्ट्री है, जिसकी सालाना क्षमता 50,000 कारों की है। फिलहाल यह करीब 70% क्षमता पर काम कर रही है।
कंपनी मांग बढ़ने पर प्रोडक्शन क्षमता 75,000 या एक लाख कार सालाना करने पर विचार कर रही है। भविष्य में इसे 1.5 लाख तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, विस्तार का अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।
फिलहाल कंपनी करीब 15% पार्ट्स भारत से खरीदती है। पहले इसे 40% तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन नई समयसीमा तय नहीं है। कंपनी 300 से ज्यादा भारतीय सप्लायर्स से संपर्क कर चुकी है।
इलेक्ट्रिक स्कूटर और एक्सपोर्ट की भी तैयारी
VinFast 2027 की पहली छमाही में भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इनका प्रोडक्शन भी तमिलनाडु में करने की योजना है।
कंपनी छोटी इलेक्ट्रिक कार VF3 को भी भारत लाने की संभावना देख रही है, लेकिन इसकी लॉन्चिंग तय नहीं है।
इसके अलावा VinFast भविष्य में भारत से दक्षिण एशिया, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका जैसे बाजारों में कारें एक्सपोर्ट करना चाहती है। हालांकि, अभी कंपनी का मुख्य फोकस भारत में बिक्री बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा पार्ट्स स्थानीय स्तर पर खरीदने पर है। एक्सपोर्ट की तारीख और लक्ष्य अभी तय नहीं हुए हैं।


