Google AI Pro यूजर्स की मौज! मुफ्त में बढ़ा 3TB स्टोरेज और जुड़ गए जेमिनी के ये शानदार फीचर्स
Google ने अपने AI Pro प्लान में बड़ा बदलाव करते हुए स्टोरेज 2TB से बढ़ाकर 5TB कर दिया है, वो भी बिना कीमत बढ़ाए। साथ ही, जेमिनी जैसे एडवांस AI फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिससे यूजर्स को ज्यादा स्पेस और बेहतर स्मार्ट टूल्स का फायदा मिलेगा।

In Short
- Google AI Pro प्लान में स्टोरेज 2TB से बढ़ाकर 5TB किया गया, बिना कीमत बढ़ाए
- जेमिनी AI के साथ Docs, Sheets और Drive में नए स्मार्ट फीचर्स जोड़े गए
- यूजर्स को ज्यादा स्टोरेज, बेहतर AI टूल्स और स्मार्ट ऑटोमेशन का फायदा मिलेगा
गूगल ने अपने ग्राहकों को एक बड़ा सरप्राइज देते हुए 'AI Pro' प्लान में भारी बदलाव किए हैं। 2 अप्रैल को गूगल फोटोज और गूगल वन की वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर शिमरित बेन यैर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि अब यूजर्स को बिना किसी एक्ट्रा रुपये के ज्यादा स्टोरेज और नए फीचर्स मिलेंगे।
कंपनी का यह कदम उन लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है जो डेटा स्टोरेज की कमी से जूझ रहे थे और एडवांस एआई फीचर्स का इंतजार कर रहे थे।
स्टोरेज में बंपर इजाफा
नए अपडेट के तहत गूगल ने AI Pro प्लान के तहत मिलने वाले 2TB स्टोरेज को बढ़ाकर सीधे 5TB कर दिया है। यानी बिना एक भी पैसा बढ़ाए यूजर्स को 3TB अतिरिक्त स्पेस मिलेगा। इस स्टोरेज का इस्तेमाल गूगल ड्राइव, जीमेल और गूगल फोटोज जैसी तमाम सेवाओं के लिए किया जा सकेगा।
अपडेट की घोषणा करते हुए शिमरित बेन यैर ने कहा कि हम जानते हैं कि आपकी यादों और प्रोजेक्ट्स को बढ़ने के लिए जगह चाहिए। अब आपके पास गूगल एआई के साथ और ज्यादा नया करने और अपनी जरूरी यादों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त जगह होगी।
वर्कस्पेस में जेमिनी का जादू
सिर्फ स्टोरेज ही नहीं, गूगल ने इस सब्सक्रिप्शन के अंदर मिलने वाले एआई फीचर्स का भी विस्तार किया है। गूगल वर्कस्पेस के तहत अब डॉक्स, शीट्स, स्लाइड्स और ड्राइव में 'जेमिनी' के साथ काम करना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा।
स्मार्ट होम और ऑटो ब्राउज फीचर
गूगल ने अपने ग्राहकों के लिए 'क्रोम ऑटो ब्राउज' फीचर भी पेश किया है, जो कई चरणों वाले जटिल कामों को अपने आप पूरा कर सकता है। इसके अलावा AI Pro और Ultra प्लान में अब 'गूगल होम प्रीमियम' को भी शामिल किया गया है, जो घर के स्मार्ट उपकरणों को जेमिनी की ताकत से जोड़ता है।
यैर ने स्पष्ट किया कि ये सभी नए अपग्रेड्स यूजर्स को उसी पुरानी कीमत पर मिलेंगे। हालांकि, क्रोम ऑटो ब्राउज और गूगल होम प्रीमियम जैसे फीचर्स फिलहाल केवल अमेरिका में उपलब्ध हैं और बाकी देशों में इनके लॉन्च को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
भारत में गूगल के AI Pro प्लान की क्या है कीमत?
भारत में गूगल के AI Pro प्लान की कीमत 1,950 रुपये प्रति माह है, जबकि AI Ultra प्लान 24,500 रुपये प्रति माह पर उपलब्ध है। भारतीय यूजर्स को फिलहाल बढ़े हुए स्टोरेज और बेहतर वर्कस्पेस फीचर्स का सीधा लाभ मिलेगा।

