scorecardresearch

ई-मुद्रा की सुरक्षा में बड़ी चूक! पाइथन स्क्रिप्ट की गलती से बनीं 8 बेहद कमजोर सिक्योरिटी की, कंपनी ने बताई पूरी कहानी

ई-मुद्रा की सुरक्षा में हुई एक बड़ी चूक ने इंटरनेट पर वेबसाइटों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी। अब कंपनी की रिपोर्ट में इस गड़बड़ी के पीछे की असली वजह सामने आई है। आखिर एक छोटी सी तकनीकी गलती ने इतना बड़ा खतरा कैसे पैदा कर दिया? जानिए पूरी कहानी।

Advertisement

In Short

  • ई-मुद्रा की 8 क्रिप्टोग्राफिक की में गड़बड़ी के पीछे पाइथन स्क्रिप्ट का बग जिम्मेदार था।
  • एक की में सिर्फ नंबर 4 था, जिससे फर्जी डिजिटल सर्टिफिकेट बनाए जाने का खतरा था।
  • कंपनी ने प्रभावित 16 डिजिटल सर्टिफिकेट रद्द किए और डिजिटल सर्टिफिकेट कारोबार से बाहर निकलने का फैसला किया।

ई-मुद्रा की कमजोर सिक्योरिटी की का मामला सामने आने के बाद इंटरनेट की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। कंपनी की 8 क्रिप्टोग्राफिक की में ऐसी कमियां मिली थीं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स फर्जी डिजिटल सर्टिफिकेट बना सकते थे। अब कंपनी ने एक विस्तृत रिपोर्ट जारी कर बताया है कि आखिर यह गड़बड़ी कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह थी।

advertisement

पाइथन स्क्रिप्ट की गलती से कमजोर हुईं सिक्योरिटी की

ई-मुद्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले की वजह कंपनी की एक पाइथन स्क्रिप्ट में मौजूद तकनीकी खामी थी। इस स्क्रिप्ट के कारण 8 क्रिप्टोग्राफिक की का आकार तय मानक से काफी छोटा रह गया। कंपनी को इन की को 115 अंकों का बनाना था, लेकिन कुछ की बेहद छोटी बन गईं। इनमें एक की ऐसी भी थी, जिसमें सिर्फ नंबर 4 था। इतनी आसान की का अंदाजा कोई भी आसानी से लगा सकता था और इसका गलत इस्तेमाल करके फर्जी डिजिटल सर्टिफिकेट बनाए जा सकते थे।

क्या है ई-मुद्रा और क्यों जरूरी हैं डिजिटल सर्टिफिकेट?

ई-मुद्रा सर्टिफिकेट अथॉरिटी (सीए) एक ऐसी संस्था है, जो वेबसाइट के लिए डिजिटल सर्टिफिकेट जारी करती है। ये सर्टिफिकेट ब्राउजर को यह पहचानने में मदद करते हैं कि कोई वेबसाइट असली और सुरक्षित है या नहीं। इस मामले में जिन 8 की पर सवाल उठे, उन्हें 30 अप्रैल 2025 को एक विशेष प्रक्रिया के दौरान बनाया गया था।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इसके लिए हार्डवेयर सिक्योरिटी मॉड्यूल (एचएसएम) का इस्तेमाल किया गया था। यह एक खास सुरक्षित उपकरण होता है, जिसका काम क्रिप्टोग्राफिक की को बनाना, सुरक्षित रखना और संभालना है।

दो सिक्योरिटी डिवाइस के बीच की ट्रांसफर करने में हुई गलती

रिपोर्ट के मुताबिक, ई-मुद्रा ने दो हार्डवेयर सिक्योरिटी मॉड्यूल के बीच क्रिप्टोग्राफिक की भेजने के लिए एक खास पाइथन स्क्रिप्ट का इस्तेमाल किया था। इसी स्क्रिप्ट में मौजूद तकनीकी खामी के कारण 8 की का आकार छोटा हो गया। प्रभावित की थीं- 4, 56, 66, 115, 155, 156, 230 और 237।

कंप्यूटर की मेमोरी में भी बन गई थीं की की कॉपी

इस मामले में एक और गंभीर बात सामने आई। पाइथन स्क्रिप्ट ने इन की की कॉपी एक सामान्य कंप्यूटर की मेमोरी में भी बना दी थीं। इसका मतलब था कि ये की सिर्फ सुरक्षित हार्डवेयर तक सीमित नहीं थीं और इनके बाहर लीक होने का खतरा भी था। इसी वजह से ई-मुद्रा ने एहतियात के तौर पर प्रभावित की से जुड़े सभी 16 डिजिटल सर्टिफिकेट रद्द कर दिए।

ई-मुद्रा ने बदला तरीका, डिजिटल सर्टिफिकेट कारोबार से बाहर होगी कंपनी

इस घटना के बाद ई-मुद्रा ने की बनाने की प्रक्रिया में बदलाव किया। कंपनी ने अब दो हार्डवेयर सिक्योरिटी मॉड्यूल के बीच की ट्रांसफर किए बिना ही उन्हें बनाना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, कंपनी ने डिजिटल सर्टिफिकेट कारोबार से बाहर निकलने का ऐलान किया और इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। कंपनी ने सुरक्षा से जुड़ी कमियों की जांच और आगे सुधार के लिए विशेषज्ञों की समीक्षा भी घोषित की।

advertisement