scorecardresearch

एलन मस्क का ऐलान, अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को मुफ्त में मिलेगा SpaceX का एक शेयर

एलन मस्क ने अमेरिका के लाखों बच्चों के लिए एक ऐसा ऐलान किया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। उनकी कंपनी SpaceX से जुड़ी इस योजना के तहत बच्चों को खास तोहफा मिलने वाला है। हालांकि, इसे लेकर कई सवाल अभी बाकी हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • एलन मस्क ने अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को SpaceX का एक शेयर मुफ्त देने का ऐलान किया है।
  • जून 2026 में शेयर बाजार में उतरी SpaceX ने अपने ऐतिहासिक IPO से करीब 85.7 अरब डॉलर जुटाए थे।
  • बच्चों तक मुफ्त शेयर कैसे पहुंचेंगे और कौन इसके लिए योग्य होगा, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं है।

दुनिया के सबसे चर्चित अरबपतियों में शामिल एलन मस्क ने एक बड़ा ऐलान किया है। मस्क ने कहा है कि वह अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स का एक शेयर मुफ्त में देंगे। उनके इस कदम से अमेरिका के लाखों बच्चों को शेयर बाजार में हिस्सेदारी रखने का मौका मिल सकता है। हालांकि, इस योजना को कैसे लागू किया जाएगा, इसे लेकर अभी कई सवाल बने हुए हैं।

advertisement

सोशल मीडिया पर एलन मस्क ने किया ऐलान

स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'अगले साल मैं अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स का अपना एक शेयर दूंगा। यह ऐसे कई कदमों में पहला होगा।'

हालांकि, मस्क ने अभी यह नहीं बताया है कि बच्चों तक ये शेयर कैसे पहुंचाए जाएंगे। इसके अलावा किन उम्र के बच्चों को इसका फायदा मिलेगा और शेयर देने की प्रक्रिया क्या होगी, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है।

यह भी साफ नहीं है कि शेयर सीधे बच्चों के नाम पर दिए जाएंगे या फिर उनके माता-पिता या अभिभावकों के जरिए खोले गए खातों में रखे जाएंगे।

जून 2026 में शेयर बाजार में उतरी थी SpaceX

एलन मस्क का यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब उनकी कंपनी स्पेसएक्स को शेयर बाजार में लिस्ट हुए करीब चार महीने हुए हैं। कंपनी ने जून 2026 में अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग लॉन्च किया था। यह शेयर बाजार के इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में से एक था।

स्पेसएक्स के शेयरों की ट्रेडिंग 12 जून 2026 को नैस्डैक ग्लोबल सेलेक्ट मार्केट और नैस्डैक टेक्सास पर शुरू हुई थी। कंपनी का स्टॉक टिकर SPCX है।

IPO से जुटाए थे 85.7 अरब डॉलर

स्पेसएक्स ने अपने आईपीओ में एक शेयर की कीमत 135 डॉलर तय की थी। शुरुआत में कंपनी ने निवेशकों के लिए करीब 55.56 करोड़ शेयर जारी किए थे।

इसके बाद अतिरिक्त शेयर बेचने के विकल्प का भी पूरा इस्तेमाल किया गया। इससे कुल शेयरों की संख्या बढ़कर करीब 63.89 करोड़ हो गई।

15 जून को आईपीओ प्रक्रिया पूरी होने तक कंपनी ने करीब 85.7 अरब डॉलर की रकम जुटाई थी।

दो दशक से ज्यादा समय तक प्राइवेट रही कंपनी

एलन मस्क ने साल 2002 में स्पेसएक्स की स्थापना की थी। इसके बाद कंपनी दो दशक से ज्यादा समय तक प्राइवेट रही। शेयर बाजार में उतरने से पहले स्पेसएक्स अपने बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए मुख्य रूप से निजी निवेशकों से पैसा जुटाती थी।

advertisement

इन प्रोजेक्ट्स में दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट, स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट नेटवर्क और स्टारशिप का विकास शामिल है।

वहीं, शुक्रवार 16 अक्टूबर को स्पेसएक्स का शेयर 146.03 डॉलर पर बंद हुआ था। अब देखना होगा कि मस्क बच्चों को मुफ्त शेयर देने की अपनी योजना को किस तरह लागू करते हैं।