scorecardresearch

Character.AI की कंगाली के बीच Disney का दांव, आखिर 66 कर्मचारियों पर क्यों खर्च होंगे करोड़ों डॉलर?

AI चैटबॉट कंपनी Character.AI की आर्थिक मुश्किलों के बीच Disney ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने टेक इंडस्ट्री का ध्यान खींचा है। भारी नुकसान झेल रही कंपनी के 66 कर्मचारियों पर करोड़ों डॉलर खर्च करने की तैयारी है। आखिर Disney को इनमें क्या खास नजर आया और इसके पीछे क्या योजना है?

Advertisement

In Short

  • Character.AI की आर्थिक हालत बिगड़ी, कमाई के मुकाबले कंप्यूटिंग पर भारी खर्च बना बड़ी परेशानी।
  • Disney ने Character.AI के 66 कर्मचारियों को नौकरी देने के लिए करोड़ों डॉलर खर्च करने की योजना बनाई।
  • Character.AI के पूर्व सीईओ करनदीप आनंद को Disney में मिली बड़ी जिम्मेदारी, तकनीक को लेकर भी अहम प्रस्ताव।

AI चैटबॉट की दुनिया में तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद कंपनियों के लिए कमाई करना बड़ी चुनौती बन गया है। इसका ताजा उदाहरण Character.AI है, जिसने अमेरिका में दिवालिया होने से बचने के लिए कानूनी संरक्षण मांगा है। वहीं, Disney इस कंपनी के 66 कर्मचारियों को नौकरी देने के लिए हर साल 60 मिलियन डॉलर खर्च करने की तैयारी में है।

advertisement

कमाई से ज्यादा हो रहा Character.AI का खर्च

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Character.AI ने जनवरी से अगस्त 2026 के बीच कंप्यूटिंग पर 56.1 मिलियन डॉलर खर्च किए। वहीं, सब्सक्रिप्शन और विज्ञापनों से कंपनी की कुल मासिक कमाई अगस्त में सबसे ज्यादा 5.3 मिलियन डॉलर रही।

दिवालियापन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी को हर महीने करीब 8 से 9 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा था। इससे साफ है कि बड़ी संख्या में यूजर्स होने के बावजूद कंपनी अपने खर्च नहीं निकाल पा रही थी। 

AI चैटबॉट चलाना क्यों पड़ रहा महंगा?

दरअसल, AI चैटबॉट को यूजर्स के सवालों का जवाब देने के लिए काफी कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है। इसे तकनीकी भाषा में इन्फरेंस कहा जाता है।

जब यूजर्स लंबे समय तक चैट करते हैं और बार-बार सवाल पूछते हैं, तो कंपनी का खर्च बढ़ जाता है। दूसरी तरफ, बड़ी संख्या में लोग इन सेवाओं का इस्तेमाल मुफ्त में करना चाहते हैं। ऐसे में कंपनियों के लिए खर्च और कमाई के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो जाता है।

Disney क्यों खर्च करेगी 60 मिलियन डॉलर?

बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, Disney ने Character.AI के 66 कर्मचारियों को नौकरी का ऑफर दिया है। इन कर्मचारियों की सैलरी और दूसरे भुगतान पर कंपनी हर साल 60 मिलियन डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है।

इसके अलावा कर्मचारियों को बनाए रखने के लिए 30 मिलियन डॉलर का अलग फंड रखा गया है। अगले तीन साल में कुल खर्च 180 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।

Character.AI के पूर्व सीईओ को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Disney ने Character.AI के पूर्व सीईओ करनदीप आनंद को अपना पहला कंपनी-वाइड चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 2 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हुई है। वह Disney की टेक्नोलॉजी रणनीति को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।

इसके अलावा Disney ने Character.AI की कुछ तकनीक और बौद्धिक संपदा के नॉन-एक्सक्लूसिव, स्थायी लाइसेंस के लिए 20 मिलियन डॉलर का ऑफर दिया है। हालांकि, यह सौदा अदालत की निगरानी वाली बिक्री प्रक्रिया और दूसरी बोलियों पर निर्भर करेगा।

AI स्टार्टअप्स के लिए क्या है सबक?

Character.AI का मामला दिखाता है कि सिर्फ लाखों यूजर्स जुटाना काफी नहीं है। AI कंपनियों को कंप्यूटिंग खर्च, कमाई और कानूनी जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखना होगा। वहीं, Disney का कदम बताता है कि घाटे में चल रही AI कंपनियों के कर्मचारियों और उनकी तकनीकी विशेषज्ञता की बाजार में अब भी बड़ी कीमत है।

advertisement