scorecardresearch

हैदराबाद में खुलेगा एप्पल का पहला रिटेल स्टोर! आईफोन खरीदने के अलावा ग्राहकों को मिलेंगी कई सुविधाएं

आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करने जा रही है। कंपनी अब हैदराबाद में अपना पहला स्टोर खोलने वाली है। इस नए स्टोर का डिजाइन भी बेहद खास है। यहां ग्राहकों को प्रोडक्ट्स खरीदने के अलावा कई सुविधाएं मिलेंगी। जानें कब और कहां खुलेगा स्टोर।

Advertisement

In Short

  • हैदराबाद में 10 दिसंबर को खुलेगा एप्पल का पहला स्टोर
  • भारत में एप्पल के रिटेल स्टोर्स की संख्या बढ़कर होगी सात
  • ग्राहकों को मुफ्त वर्कशॉप और टेक्निकल सपोर्ट की मिलेगी सुविधा

iPhone बनाने वाली दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल भारत में लगातार अपना रिटेल कारोबार बढ़ा रही है। कंपनी ने अब हैदराबाद में अपना पहला रिटेल स्टोर खोलने का ऐलान किया है। 'Apple Kukatpally' नाम का यह स्टोर 10 दिसंबर को खुलेगा। इसके साथ ही भारत में एप्पल के आधिकारिक रिटेल स्टोर्स की कुल संख्या सात हो जाएगी। नए स्टोर में ग्राहकों को एप्पल के प्रोडक्ट्स खरीदने के साथ-साथ कई तरह की सुविधाएं भी मिलेंगी।

advertisement

कहां और कितने बजे खुलेगा नया स्टोर?

एप्पल का नया स्टोर हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में स्थित लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल (Lake Shore-Y Junction Mall) में खुलेगा। कंपनी गुरुवार, 10 दिसंबर को शाम 5 बजे इस स्टोर को ग्राहकों के लिए खोलेगी। हैदराबाद में पहले से ही एप्पल की रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और रिटेल कस्टमर केयर टीमें काम कर रही हैं। अब रिटेल स्टोर खुलने से ग्राहक सीधे कंपनी के प्रोडक्ट्स और सर्विसेज का लाभ उठा सकेंगे।

नए स्टोर के डिजाइन में दिखेगी हैदराबाद की झलक

स्टोर की ओपनिंग से पहले कंपनी ने इसके बाहरी बैरिकेड का डिजाइन भी जारी किया है। इस डिजाइन को हैदराबाद की खास पहचान 'सिटी ऑफ पर्ल्स' यानी मोतियों के शहर से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसमें मोतियों से प्रेरित एप्पल का लोगो और चमकदार रंगों का इस्तेमाल किया गया है। हैदराबाद का मोतियों के कारोबार से सदियों पुराना नाता रहा है।

Image Credit: ITG

ग्राहकों को मिलेंगी ये सुविधाएं

नए स्टोर में ग्राहक आईफोन, मैकबुक, एप्पल वॉच, एयरपॉड्स और होमपॉड समेत कंपनी के कई प्रोडक्ट्स देख और खरीद सकेंगे। इसके अलावा ग्राहकों को प्रोडक्ट स्पेशलिस्ट से खरीदारी से जुड़ी सलाह और जीनियस टीम से टेक्निकल सपोर्ट भी मिलेगा। बिजनेस ग्राहकों के लिए भी विशेष सेवाएं उपलब्ध होंगी।

फ्री में सीख सकेंगे फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी

इस स्टोर में कंपनी का 'Today at Apple' प्रोग्राम भी उपलब्ध होगा। इसके तहत ग्राहकों के लिए मुफ्त वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। इनमें फोटोग्राफी, वीडियो बनाने और ड्रॉइंग जैसी चीजें सिखाई जाएंगी। इसके अलावा ग्राहकों को एप्पल के डिवाइस इस्तेमाल करने से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।

भारत में कहां-कहां हैं एप्पल के स्टोर?

फिलहाल एप्पल के भारत में छह आधिकारिक रिटेल स्टोर हैं। इनमें मुंबई के बीकेसी और बोरीवली, दिल्ली-एनसीआर के साकेत और नोएडा, बेंगलुरु के हेब्बल और पुणे के कोरेगांव पार्क में स्थित स्टोर शामिल हैं।

कंपनी भारत में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। रिटेल स्टोर्स के अलावा ग्राहक एप्पल स्टोर ऑनलाइन और एप्पल स्टोर ऐप के जरिए भी प्रोडक्ट्स खरीद सकते हैं और खरीदारी से जुड़ी सहायता हासिल कर सकते हैं।

advertisement