
एप्पल यूजर्स को झटका! पुराने HomePod mini में नहीं मिलेगा Siri AI, इन Apple TV मॉडल्स को मिलेगा नया फीचर
Apple अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाने जा रहा है। कंपनी का नया AI अपडेट कुछ पुराने डिवाइस में भी मिलेगा, लेकिन सभी यूजर्स इसका फायदा नहीं उठा पाएंगे। आखिर किन डिवाइस को मिलेगा नया Siri AI और किन यूजर्स को होना पड़ेगा निराश? पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- पुराने Apple TV 4K मॉडल में भी मिलेगा नया Siri AI अपडेट।
- पहली जेनरेशन के HomePod mini में नहीं मिलेगा Siri AI सपोर्ट।
- भारत में अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगा नया Siri AI फीचर।
एप्पल अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी अब नए AI फीचर्स को पुराने डिवाइस तक भी पहुंचाने जा रही है। अच्छी खबर यह है कि पुराने Apple TV 4K मॉडल इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी नए Siri AI का फायदा मिलेगा। यानी इसके लिए नया डिवाइस खरीदने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, होमपॉड मिनी इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स के लिए निराश करने वाली खबर है।
पुराने Apple TV 4K में भी मिलेगा Siri AI
एप्पल ने पुष्टि की है कि दूसरी और तीसरी जेनरेशन के Apple TV 4K मॉडल में नया Siri AI फीचर मिलेगा। कंपनी इसे आने वाले tvOS 27.2 अपडेट के जरिए बीटा वर्जन में उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा चौथी जेनरेशन का Apple TV 4K भी इस नए असिस्टेंट को सपोर्ट करेगा।
इस अपडेट के बाद यूजर्स के लिए फिल्में और वेब सीरीज खोजना पहले से आसान हो जाएगा। खास बात यह है कि इसके लिए हर बार किसी फिल्म या शो का सही नाम याद रखने की जरूरत नहीं होगी।
यूजर्स Siri से बातचीत करके फिल्मों और शो के बारे में सवाल पूछ सकेंगे। इसके अलावा अपनी पसंद के हिसाब से फिल्में और वेब सीरीज के सुझाव भी ले सकेंगे।
Siri से बातचीत करके खोज सकेंगे पसंदीदा शो
नए Siri AI को इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स सामान्य बातचीत के जरिए भी अपनी पसंद का कंटेंट खोज सकें।
अगर किसी यूजर को किसी वेब सीरीज का खास एपिसोड या किरदार याद है, लेकिन उसका नाम नहीं पता, तो वह Siri की मदद ले सकेगा। इससे अलग-अलग स्ट्रीमिंग लाइब्रेरी में कंटेंट खोजना आसान हो जाएगा।
एप्पल के मुताबिक, भारत समेत दूसरे सपोर्टेड बाजारों में Siri AI अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगा।

पुराने HomePod mini को नहीं मिलेगा अपडेट
जहां Apple TV 4K यूजर्स के लिए अच्छी खबर है, वहीं पहली जेनरेशन के HomePod mini यूजर्स को निराशा हाथ लगी है।
दरअसल, CNET की शुरुआती रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पुराने होमपॉड मिनी को भी इस साल Siri AI अपडेट मिलेगा। हालांकि, बाद में एप्पल की ओर से जानकारी स्पष्ट किए जाने के बाद रिपोर्ट में सुधार किया गया।
9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल ने पुष्टि की है कि Siri AI केवल होमपॉड मिनी 2 और दूसरी जेनरेशन या उसके बाद के Apple TV 4K मॉडल में उपलब्ध होगा।
HomePod mini 2 में कब आएगा नया फीचर?
एप्पल का नया HomePod mini 2 Siri AI को सपोर्ट करेगा, लेकिन यह फीचर लॉन्च के समय उपलब्ध नहीं होगा। कंपनी इसे भविष्य में सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए जारी करेगी।
वहीं, पहली जेनरेशन के होमपॉड मिनी में यह सुविधा नहीं मिलेगी। ऐसे में जो यूजर्स नए Siri AI फीचर्स का इस्तेमाल करना चाहते हैं, उन्हें अपने डिवाइस की जेनरेशन और उसकी कम्पैटिबिलिटी जरूर जांचनी होगी।

