
Anthropic का धमाका! 1000 AI एजेंट्स ने 8 दिन में बना दिया ऑपरेटिंग सिस्टम, अब साइबर सिक्योरिटी से रिसर्च तक करेगा काम
एआई की दुनिया में एंथ्रोपिक ने बड़ा धमाका किया है. कंपनी के नए क्लॉड मॉडल्स अब सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देंगे, बल्कि ऐसे मुश्किल काम भी कर सकेंगे जिनके लिए एक्सपर्ट्स की जरूरत पड़ती है. आखिर इनकी ताकत कितनी है, ये क्या-क्या कर सकते हैं और इन्हें इस्तेमाल करने की कीमत कितनी होगी?

In Short
- एंथ्रोपिक के 1000 से ज्यादा एआई एजेंट्स ने सिर्फ 8 दिनों में ऑपरेटिंग सिस्टम का प्रोटोटाइप तैयार किया.
- क्लॉड फेबल 5.2 ने सॉफ्टवेयर की स्टार्टिंग स्पीड करीब 26 गुना बढ़ाई और तीन इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस डिजाइन किए.
- नए एआई मॉडल्स 30% तक तेज, साइबर सिक्योरिटी और साइंटिफिक रिसर्च में भी दिखाया दम.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या कोड लिखने तक सीमित नहीं है. टेक कंपनियां ऐसे एआई मॉडल तैयार कर रही हैं, जो मुश्किल टेक्निकल काम भी कर सकें. इसी दिशा में एंथ्रोपिक ने अपने दो अपग्रेडेड मॉडल क्लॉड फेबल 5.2 और क्लॉड मिथोस 5.2 पेश किए हैं. आइए जानते हैं कि इनकी खासियत क्या है, ये कौन-कौन से काम कर सकते हैं और इन्हें इस्तेमाल करने में कितना खर्च आएगा.
1000 एआई एजेंट्स ने 8 दिन में बनाया ऑपरेटिंग सिस्टम
एंथ्रोपिक के मुताबिक, क्लॉड फेबल 5.2 ने एक प्रयोग में 1000 से ज्यादा एआई एजेंट्स को एक साथ काम कराकर सिर्फ 8 दिनों में ऑपरेटिंग सिस्टम का प्रोटोटाइप तैयार किया. इसमें ड्राइवर्स, स्टोरेज, विंडोज, लॉगिन स्क्रीन और इंस्टॉलर जैसी सुविधाएं शामिल थीं.
सॉफ्टवेयर की स्पीड 26 गुना बढ़ाई
फेबल 5.2 ने पाइथन में बनी एक सॉफ्टवेयर सर्विस को रस्ट प्रोग्रामिंग लैंग्वेज में दोबारा तैयार करने में मदद की. कंपनी का दावा है कि इसके बाद सर्विस करीब 26 गुना तेजी से स्टार्ट होने लगी.
एआई ने डिजाइन किए तीन इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
इस मॉडल ने तीन काम करने वाले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी डिजाइन किए. इनमें होम वॉइस असिस्टेंट हब, यूएसबी स्पीकरफोन और हाथ में पकड़ा जाने वाला वर्चुअल पेट शामिल है. इनके निर्माण में डायोड ने मदद की.
मैथ्स और ब्लैक होल की रिसर्च में कमाल
एंथ्रोपिक के मुताबिक, 1000 फेबल एजेंट्स ने सिर्फ 30 घंटों में फर्मा के अंतिम प्रमेय के मौजूदा प्रूफ को कंप्यूटर से जांचे जा सकने वाले फॉर्मेट में बदला. मॉडल ने ब्लैक होल से जुड़ी दो अनसुलझी समस्याएं भी हल कीं और रोबोटिक्स में सुधार दिखाया.

साइबर सिक्योरिटी में मिथोस 5.2 की ताकत
क्लॉड मिथोस 5.2 को साइबर सिक्योरिटी और बायोलॉजिकल रिसर्च के लिए टेस्ट किया गया. कंपनी के मुताबिक, इसने पुराने मॉडल्स से ज्यादा सॉफ्टवेयर कमजोरियां खोजीं. साथ ही 34 में से 28 वायरस प्रोटीन शेल्स की संरचना का सही अनुमान लगाया.
कितनी होगी कीमत और स्पीड?
दोनों मॉडल पुराने वर्जन के मुकाबले 30% तक तेजी से जवाब देते हैं. इनकी कीमत प्रति 10 लाख इनपुट टोकन 8 डॉलर (करीब ₹750) और आउटपुट टोकन 40 डॉलर (करीब ₹3,700) है.
फास्ट मोड में टोकन जनरेशन स्पीड 2.5 गुना तक बढ़ सकती है. हालांकि, कीमत दोगुनी होकर 16 डॉलर (करीब ₹1,500) और 80 डॉलर (करीब ₹7,500) हो जाती है.
किसे मिलेगा इन मॉडल्स का एक्सेस?
फेबल 5.2 क्लॉड प्लेटफॉर्म, अमेजन वेब सर्विसेज, गूगल क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट एज्योर पर उपलब्ध है. वहीं मिथोस 5.2 का एक्सेस सिर्फ साइबर सिक्योरिटी और लाइफ साइंसेज जैसी फील्ड में काम करने वाली वेरिफाइड संस्थाओं को मिलेगा.
सुरक्षा में भी किया सुधार
एंथ्रोपिक का दावा है कि शुरुआती टेस्टिंग में फेबल 5.1 के मुकाबले बेवजह लगने वाले सेफ्टी ब्लॉक्स करीब 55% कम हुए हैं. मॉडल की क्षमताओं को डिस्टिलेशन के जरिए निकालने की कोशिशों के खिलाफ सुरक्षा भी बढ़ाई गई है. हालांकि, रोजमर्रा की कोडिंग और जानकारी से जुड़े कामों के लिए कंपनी अब भी क्लॉड ओपस 5.5 इस्तेमाल करने की सलाह देती है.

