
आपकी हर बातचीत याद रखेगा और रिमाइंडर भी देगा...Amazon ने लॉन्च किए दो नए AI डिवाइस
Amazon ने दो ऐसे नए AI डिवाइस पेश किए हैं, जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बना सकते हैं। ये बातचीत को समझकर जरूरी कामों की याद दिलाने से लेकर कई स्मार्ट फीचर्स तक की सुविधा देते हैं। जानिए इनकी कीमत, खासियत और प्राइवेसी को लेकर कंपनी ने क्या कहा है।

In Short
- Amazon ने Bee Frontier और Bee Eclipse नाम से दो नए AI डिवाइस पेश किए हैं।
- ये डिवाइस बातचीत से समरी, रिमाइंडर और जरूरी कामों की लिस्ट तैयार कर सकते हैं।
- नए AI डिवाइस की शुरुआती कीमत करीब 7,000 रुपये है, इनमें कई स्मार्ट फीचर्स मिलेंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब सिर्फ चैटबॉट और मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं रह गया है। टेक कंपनियां ऐसे डिवाइस तैयार कर रही हैं, जो रोजमर्रा की बातचीत को समझकर जरूरी कामों की याद दिला सकें। इसी दिशा में Amazon ने दो नए AI डिवाइस Bee Frontier और Bee Eclipse पेश किए हैं। ये डिवाइस आपकी बातचीत को समरी, रिमाइंडर और टू-डू लिस्ट में बदल सकते हैं।
इनकी मदद से मीटिंग में किए गए वादे, शॉपिंग की जरूरतें या दोस्तों के साथ बनाई गई योजनाओं को याद रखना आसान हो सकता है।
कैसे काम करते हैं Amazon के नए AI डिवाइस?
Amazon का Bee Frontier एक वियरेबल डिवाइस है, जिसे कलाई पर पहना जा सकता है या कपड़ों पर क्लिप किया जा सकता है। वहीं, Bee Eclipse क्रेडिट कार्ड के आकार का डिवाइस है, जिसे मैग्नेट की मदद से स्मार्टफोन के पीछे लगाया जा सकता है।
कंपनी के मुताबिक, Bee Frontier में IP67 वाटर रेजिस्टेंस, USB-C चार्जिंग और सात दिनों तक की बैटरी लाइफ मिलती है। दूसरी तरफ Bee Eclipse एक बार चार्ज करने पर 21 दिनों से ज्यादा चल सकता है।
दोनों डिवाइस बातचीत से जरूरी जानकारी निकालकर समरी, टू-डू लिस्ट और अन्य उपयोगी सुझाव तैयार कर सकते हैं।
Gmail और Google Calendar से भी जुड़ेंगे
इन डिवाइस को Gmail, Google Calendar और Microsoft Outlook से जोड़ा जा सकता है। इससे AI जरूरी फॉलो-अप काम पहचान सकता है, ईमेल का ड्राफ्ट तैयार कर सकता है और कैलेंडर इनविटेशन बना सकता है।
यूजर्स मोबाइल और नए डेस्कटॉप ऐप पर बातचीत की समरी भी देख सकेंगे। Amazon ने इनमें Alexa+ और Amazon.com का सपोर्ट भी दिया है। इससे मीटिंग की जानकारी और रिमाइंडर पूछने के साथ बातचीत में जिक्र किए गए प्रोडक्ट्स के सुझाव भी मिल सकेंगे।

कितनी है इन AI डिवाइस की कीमत?
Amazon Bee Frontier की कीमत 74.99 डॉलर यानी करीब 7,000 रुपये है। यह अमेरिका में Amazon.com पर उपलब्ध है।
वहीं, Bee Eclipse की शुरुआती कीमत 99.99 डॉलर यानी लगभग 9,500 रुपये रखी गई है। फिलहाल इसे जल्द उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है।
कंपनी Bee Pro सब्सक्रिप्शन भी दे रही है, जिसकी कीमत 11.99 डॉलर यानी करीब 1,100 रुपये प्रति महीने है। इसमें अनलिमिटेड समरी, थर्ड-पार्टी इंटीग्रेशन और पर्सनलाइज्ड शॉपिंग रिकमेंडेशन जैसे अतिरिक्त फीचर्स मिलेंगे।
प्राइवेसी को लेकर क्या है कंपनी का दावा?
बातचीत रिकॉर्ड और प्रोसेस करने वाले इन डिवाइस के साथ प्राइवेसी का सवाल भी जुड़ा है। Amazon का कहना है कि Bee ऑडियो को रियल टाइम में प्रोसेस करके बाद में डिलीट कर देता है। बातचीत के ट्रांसक्रिप्ट एन्क्रिप्टेड रहते हैं और उनका कंट्रोल यूजर के पास होता है।
दोनों डिवाइस में फिजिकल कंट्रोल और इंडिकेटर लाइट दी गई है। Bee Eclipse कॉल रिकॉर्डिंग शुरू होने पर दूसरे लोगों की अनुमति लेने का संकेत भी देता है। हालांकि, बातचीत रिकॉर्ड करने से पहले सहमति और स्थानीय कानूनों का ध्यान रखना जरूरी है।

