इस बाइक की सिर्फ 125 यूनिट्स ही निकालेगी Royal Enfield, रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू- ऐसा क्या है खास?
Royal Enfield ने अपनी पॉपुलर Classic 650 का खास 125th Anniversary Edition लॉन्च किया है। इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका रंग बदलने वाला पेंट और लिमिटेड यूनिट्स हैं। कंपनी ने इसकी कीमत 4.25 लाख रुपये रखी है। जानिए कब शुरू होगी बिक्री और क्या हैं इसके खास फीचर्स।

In Short
- रॉयल एनफील्ड ने लॉन्च की Classic 650 की खास एनिवर्सरी एडिशन बाइक।
- बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 4,25,589 रुपये, हर प्रमुख रीजन में सिर्फ 125 यूनिट्स।
- रोशनी पड़ते ही बदलेगा बाइक का रंग, नवंबर 2026 से शुरू होगी डिलीवरी।
रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने अपनी पॉपुलर बाइक क्लासिक 650 का नया स्पेशल एडिशन लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे Royal Enfield 125th Anniversary Edition Hypershift Classic 650 नाम दिया है। इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका रंग बदलने वाला पेंट और लिमिटेड एडिशन होना है। कंपनी ने हर प्रमुख ग्लोबल रीजन के लिए इसकी सिर्फ 125 यूनिट्स पेश की हैं। यानी इस खास एडिशन को खरीदने का मौका बहुत कम लोगों को मिलेगा।
कब शुरू होगी बुकिंग और कितनी है कीमत?
रॉयल एनफील्ड ने इस स्पेशल एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 4,25,589 रुपये रखी है। कंपनी ने 16 अक्टूबर 2026 से इसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं। बाइक की बिक्री 28 अक्टूबर से शुरू होगी और तब तक ग्राहक इसकी बुकिंग कर सकते हैं। इसकी डिलीवरी नवंबर 2026 से शुरू होगी।
रोशनी पड़ते ही बदल जाएगा बाइक का रंग
इस बाइक की सबसे खास बात इसकी बेस्पोक हाइपरशिफ्ट फिनिश है। इस खास पेंट की वजह से रोशनी पड़ने पर बाइक का रंग लाल, हरा और गोल्ड नजर आता है। कंपनी ने इसके डिजाइन में साल 1901 की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों से प्रेरित ब्रास बेस का इस्तेमाल किया है।
यह खास फिनिश फ्यूल टैंक, साइड पैनल्स, मडगार्ड और हेडलैम्प पर देखने को मिलती है। वहीं, ब्लैक इंजन और एग्जॉस्ट कंपोनेंट्स बाइक के लुक को और आकर्षक बनाते हैं।
डिजाइन और फीचर्स में क्या है खास?
नई एनिवर्सरी एडिशन बाइक में क्लासिक 650 का सिग्नेचर टीयरड्रॉप स्टाइल फ्यूल टैंक, राउंड बॉडीवर्क और नेसेल माउंटेड हेडलाइट दी गई है। इसमें विंटेज स्टाइल की ब्राउन लेदर राइडर सीट भी मिलती है।
फीचर्स की बात करें तो बाइक में एलईडी हेडलाइट, एलईडी टेललैम्प और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट दिया गया है। हालांकि, टर्न इंडिकेटर्स में कन्वेंशनल बल्ब मिलते हैं। इसके अलावा वायर स्पोक व्हील्स, राउंड मिरर्स और ब्लैक फिनिश वाले ट्विन एग्जॉस्ट भी दिए गए हैं।
कितना दमदार है बाइक का इंजन?
रॉयल एनफील्ड ने इस स्पेशल एडिशन में क्लासिक 650 वाला ही इंजन बरकरार रखा है। इसमें 647.95 सीसी का फ्यूल इंजेक्टेड ट्विन-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 34.6 kW की पावर और 52.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और वेट मल्टी-प्लेट क्लच दिया गया है। कंपनी ने इस एडिशन में 650 ट्विन प्लेटफॉर्म को बरकरार रखा है। यानी सामान्य क्लासिक 650 के मुकाबले सबसे बड़ा अंतर इसके खास पेंटवर्क और हैंडक्राफ्टेड डिटेलिंग में देखने को मिलता है।

