scorecardresearch

घर में रख लें राशन और कैश! AI रिसर्चर ने दी चेतावनी, 2027 में कोरोना से भी बदतर हो सकते हैं हालात

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच एक AI रिसर्चर ने साल 2027 को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। उन्होंने अपने परिवार को संभावित संकट से निपटने के लिए अभी से तैयारी करने की सलाह दी है। जानिए आखिर AI के किन खतरों को लेकर उन्होंने चिंता जताई है।

Advertisement

In Short

  • AI रिसर्चर ने 2027 में कोरोना से भी बड़े संकट की आशंका जताई।
  • परिवार को दो हफ्ते का राशन, पानी और कैश रखने की सलाह दी।
  • अगले 10 वर्षों में ज्यादातर मौजूदा नौकरियां खत्म होने की आशंका।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच इसके खतरों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। AI रिसर्चर निकोला जुर्कोविक ने चेतावनी दी है कि साल 2027 में दुनिया को कोरोना महामारी से भी बड़े संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अपने परिवार को घर में खाने-पीने का सामान और कैश रखने की सलाह दी है।

advertisement

जुर्कोविक गैर-लाभकारी संस्था METR में काम करते हैं, जो एडवांस AI सिस्टम से जुड़े गंभीर खतरों की जांच करती है। उन्होंने थैंक्सगिविंग के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने परिवार के नाम एक खुला पत्र शेयर किया है।

AI पर नियंत्रण खोने का खतरा

जुर्कोविक के मुताबिक, इस साल AI सिस्टम कई कंपनियों की हैकिंग जैसी गंभीर घटनाओं की वजह बने हैं। अब तक इन घटनाओं से ज्यादातर आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन अगले साल इसके परिणाम कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।

उन्होंने आशंका जताई कि AI महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा गलत हाथों में AI का इस्तेमाल जैविक हथियार बनाने के लिए भी हो सकता है।

उनका मानना है कि अगर सख्त वैश्विक नियम नहीं बनाए गए तो 2027 तक AI सबसे बुद्धिमान इंसानों से भी आगे निकल सकता है।

10 साल में जा सकती हैं बड़ी संख्या में नौकरियां

जुर्कोविक का अनुमान है कि AI के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अगले 10 वर्षों में मौजूदा नौकरियों में से ज्यादातर खत्म हो सकती हैं और दुनिया की अधिकांश आबादी बेरोजगार हो सकती है।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई, करियर और परिवार शुरू करने से जुड़ी लोगों की अगले एक से पांच साल की योजनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

घर में रखें दो हफ्ते का राशन और कैश

AI रिसर्चर ने अपने परिवार को करीब दो हफ्ते के लिए पर्याप्त खाना और पानी घर में रखने की सलाह दी है। साथ ही ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं ठप होने की स्थिति से निपटने के लिए कैश रखने को भी कहा है।

उन्होंने 2027 के आखिर में लोगों के त्योहार नहीं मना पाने की आशंका 5 से 20 फीसदी जताई है। हालांकि, ये उनके निजी अनुमान हैं, कोई प्रमाणित आंकड़े नहीं हैं।

दूसरे AI एक्सपर्ट्स भी जता चुके हैं चिंता

AI के दिग्गज एक्सपर्ट योशुआ बेंगियो और जेफ्री हिंटन भी इसके संभावित खतरों को लेकर चेतावनी दे चुके हैं। वहीं, एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई ने आशंका जताई है कि अगले एक से पांच वर्षों में शुरुआती स्तर की आधी व्हाइट कॉलर नौकरियां खत्म हो सकती हैं।

advertisement

जुर्कोविक ने इन खतरों से निपटने के लिए AI के विकास की रफ्तार धीमी करने और सख्त वैश्विक नियम बनाने की मांग की है।