आईपीओ में निवेश का एक और मौका, 1 दिसंबर को खुलेगा ए जे पैकेजिंग का इश्यू, जानें प्राइस बैंड सहित अन्य डिटेल्स
मेटल टिन कंटेनर बनाने वाली कंपनी ए जे पैकेजिंग का आईपीओ अगले हफ्ते खुलने जा रहा है। कंपनी इस इश्यू के जरिए 54 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड भी तय कर दिया है।

शेयर बाजार में आईपीओ के जरिए निवेश करने वालों को अगले हफ्ते एक और मौका मिलने वाला है। मेटल टिन कंटेनर बनाने वाली कंपनी ए जे पैकेजिंग लिमिटेड (A J Packaging Limited) का आईपीओ 1 दिसंबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा।
कंपनी इस आईपीओ के जरिए 54 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। आईपीओ बंद होने के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE Emerge प्लेटफॉर्म पर होगी। डी एंड ए फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इस आईपीओ की बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि MUFG इंटाइम प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार है।
कितना है आईपीओ का प्राइस बैंड?
कंपनी ने आईपीओ के लिए 175 से 180 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस इश्यू के तहत कुल 30 लाख इक्विटी शेयर पेश किए जाएंगे, जिनमें 27.50 लाख नए शेयर जारी होंगे, जबकि 2.50 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे जाएंगे। शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है।
एंकर निवेशकों के लिए बोली 30 नवंबर को खुलेगी। आम निवेशक 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक आईपीओ में बोली लगा सकेंगे।
किसके लिए कितने शेयर रिजर्व?
आईपीओ में एंकर निवेशकों के लिए अधिकतम 8.40 लाख शेयर और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए एंकर हिस्से के अलावा अधिकतम 5,66,400 शेयर रिजर्व हैं। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए कम से कम 4.32 लाख और व्यक्तिगत निवेशकों के लिए कम से कम 10,11,200 शेयर रिजर्व हैं। मार्केट मेकर के लिए 1,50,400 शेयर रखे गए हैं।
आईपीओ से जुटाई रकम का कहां होगा इस्तेमाल?
कंपनी फ्रेश इश्यू से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
कंपनी के चेयरमैन और होल टाइम डायरेक्टर अजय अग्रवाल के मुताबिक, आईपीओ से कंपनी को कर्ज का बोझ कम करने और अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
क्या करती है कंपनी?
साल 1995 में स्थापित ए जे पैकेजिंग मेटल टिन कंटेनर बनाती है। कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल फूड प्रोसेसिंग, कॉफी, कन्फेक्शनरी, खाद्य तेल और पेंट समेत कई इंडस्ट्रीज में होता है। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैदराबाद और गाजियाबाद में हैं।
कैसी है कंपनी की वित्तीय स्थिति?
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 223.03 करोड़ रुपये, EBITDA 26.63 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 7.91 करोड़ रुपये रहा। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी ने 78.86 करोड़ रुपये का ऑपरेशनल रेवेन्यू और 3.49 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया।


