
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के करीब पहुंचे दोनों देश, क्या भारतीय सामानों पर कम होगा टैरिफ?
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा अपडेट दिया है। लंबे समय से अटके समझौते पर दोनों देश तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच अमेरिका ने टैरिफ को लेकर भी अहम संकेत दिए हैं। जानें भारतीय कारोबारियों को कितनी राहत मिल सकती है।

In Short
- भारत-अमेरिका ट्रेड डील पूरी होने के करीब, पीयूष गोयल ने दिए संकेत।
- समझौता होने पर भारतीय सामानों पर अधिकतम 17 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव।
- डील नहीं होने पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगने की आशंका।
भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड डील की बातचीत अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए पिछले कई महीनों से कोशिशें जारी हैं। इस समझौते पर भारतीय कारोबारियों और एक्सपोर्टर्स की भी नजरें टिकी हुई हैं। ऐसे में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नए बयान ने डील को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
अंतिम चरण में पहुंची ट्रेड डील
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को एक इंडस्ट्री कॉन्फ्रेंस में वर्चुअली शामिल हुए पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पूरी होने के करीब है। दोनों देश उन मुद्दों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिनकी वजह से अब तक समझौते में देरी हो रही थी। गोयल ने बताया कि समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और आगे का रास्ता भी अब तय होने लगा है। हालांकि, अभी तक किसी भी देश ने डील का औपचारिक ऐलान नहीं किया है।
डील हुई तो 17 फीसदी तक सीमित रहेगा टैरिफ
गोयल के बयान से दो दिन पहले अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमीसन ग्रीर ने कहा था कि अगर भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होती है तो भारतीय सामानों पर टैरिफ को अधिकतम 17 फीसदी तक सीमित रखा जाएगा। वहीं, समझौता नहीं होने की स्थिति में भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाया जा सकता है। कम टैरिफ से भारतीय एक्सपोर्टर्स को अमेरिकी बाजार में दूसरे देशों की कंपनियों से मुकाबला करने में मदद मिल सकती है।

अमेरिकी नोटिस की जांच कर रहा भारत
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि वह अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव की ओर से जारी नोटिस की जांच कर रहा है। यह नोटिस अमेरिका के व्यापारिक साझेदार देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता से जुड़ी जांच का हिस्सा है। इस जांच के दौरान भारत ने अमेरिका को बताया था कि देश के किसी भी उद्योग में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता की संरचनात्मक समस्या नहीं है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने जांच के दौरान अमेरिका के साथ सकारात्मक सहयोग किया है।
बातचीत के जरिए समाधान चाहता है भारत
भारत का कहना है कि व्यापार से जुड़े मुद्दों को अलग से टैरिफ लगाने के बजाय प्रस्तावित ट्रेड डील के तहत बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। सरकार अमेरिकी नोटिस के संभावित असर का आकलन करने के साथ वॉशिंगटन से बातचीत भी जारी रखे हुए है।
अब आगे क्या होगा?
दोनों देशों के बीच बाकी बचे मुद्दों पर सहमति बनने के बाद समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। डील होने से भारतीय कारोबारियों को अपने बिजनेस की प्लानिंग करने में आसानी होगी और दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते मजबूत हो सकते हैं। हालांकि, औपचारिक ऐलान होने तक ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका बनी रहेगी।


